
मुख्यमंत्री नीतीश कुमार, पटना जिले के फुलवारीशरीफ प्रखंड के अकौना ग्राम पंचायत के मरांची महादलित टोला में गणतंत्र दिवस के अवसर पर आयोजित झंडोत्तोलन कार्यक्रम में शामिल हुए। मुख्यमंत्री की उपस्थिति में टोले के वयोवृद्ध श्री सिद्धेश्वर मांझी ने झंडोत्तोलन किया।इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने वहां मौजूद सभी लोगों को गणतंत्र दिवस की हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएँ दीं और कहा कि आज हम आपके बीच आए हैं। यहां पर सिद्धेश्वर मांझी जी द्वारा झण्डोत्तोलन किया गया है। उन्होंने कहा कि आप सब जानते हैं कि हर साल स्वतंत्रता दिवस एवं गणतंत्र दिवस के अवसर पर महादलित टोला में आते हैं और महादलित टोला में आयोजित झण्डोत्तोलन समारोह में भाग लेते हैं। पहली बार इस कार्यक्रम का आयोजन वर्ष 2011 में किया गया था। हम आज आपके महादलित टोला में आये हैं। यहाँ पर विकास के अनेक कार्य कराये गये हैं। यहाँ आने से पहले पता चला है कि आप लोगों की कुछ मांग हैं जिन पर काम कराया जायेगा। यहां पर सामुदायिक भवन का निर्माण कराया जायेगा। यहाँ से राज्य उच्च पथ-78 तक सड़क का निर्माण कराया जायेगा।
स्वास्थ्य उपकेन्द्र, अतिरिक्त प्राथमिक स्वास्थ्य केन्द्र एवं मध्य विद्यालय की चहारदीवारी का निर्माण कराया जायेगा। इस पंचायत के सभी आहर और पईन का जीर्णोद्धार कराया जायेगा।मुख्यमंत्री ने कहा कि हमारी कामना है कि समाज में सद्भाव एवं भाईचारे का वातावरण कायम रहे। हमारा राज्य लगातार विकास कर रहा है। अगले 5 वर्षों में और ज्यादा काम होगा जिससे बिहार काफी आगे बढ़ेगा। केन्द्र का भी पूरा सहयोग प्राप्त हो रहा है। बिहार और विकसित होगा और देश के टॉप राज्यों में शामिल हो जायेगा तथा देश की प्रगति में महत्वपूर्ण योगदान देगा। गणतंत्र दिवस के अवसर पर मैं पुनः आप सभी को शुभकामनाएँ देता हूँ।इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने अंधता एवं दृष्टिहानि नियंत्रण कार्यक्रम के तहत कपिल पासवान एवं सुंदरी देवी को चश्मा प्रदान किया। साथ ही मुख्यमंत्री ने सामाजिक सुरक्षा पेंशन की लाभार्थी निशु देवी, जन वितरण प्रणाली की रेणु देवी एवं ललेश कुमार को प्रमाण पत्र तथा मुख्यमंत्री महिला रोजगार योजना की लाभार्थी अंजु देवी एवं सीमा देवी को डमी चेक प्रदान किया।कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री को फूलों की बड़ी माला एवं प्रतीक चिन्ह भेंटकर स्वागत किया गया।

