
आरा में दोहरे हत्याकांड के बाद इलाके में तनाव और आक्रोश का माहौल है। दो युवकों की हत्या के बाद गुस्साए लोगों ने आरा-बड़हरा मुख्य मार्ग को जाम कर जमकर हंगामा किया। सड़क पर टायर जलाकर आगजनी की और दोनों मृतकों के शव के साथ प्रदर्शन करते हुए आरोपितों की तत्काल गिरफ्तारी और एनकाउंटर की मांग की। वहीं, इस घटना को लेकर अब बिहार की सियासत भी गरमा गई है। आरजेडी के प्रवक्ता शक्ति यादव ने बिहार सरकार पर हमला बोलते हुए कानून-व्यवस्था को लेकर गंभीर सवाल खड़े किए हैं।
सल, भोजपुर जिले के मुफस्सिल थाना क्षेत्र के बीबीगंज चकिया गांव में देर रात अपराधियों ने तीन दोस्तों पर ताबड़तोड़ फायरिंग कर दी थी। बताया जा रहा है कि अलग-अलग बाइकों से पहुंचे पांच से छह हमलावरों ने इस वारदात को अंजाम दिया। गोली लगने से शुभकरण गंज निवासी 18 वर्षीय राहुल कुमार और 22 वर्षीय दीपक कुमार की मौत हो गई, जबकि दौलतपुर निवासी 18 वर्षीय सोनू कुमार घायल हो गया।
इस दोहरे हत्याकांड के बाद बुधवार को लोगों का गुस्सा फूट पड़ा। आक्रोशित लोगों ने दौलतपुर के पास आरा-बड़हरा मुख्य मार्ग को जाम कर दिया। प्रदर्शनकारियों ने सड़क पर टायर जलाकर आगजनी की और जमकर हंगामा किया। लोग दोनों मृतकों के शव के साथ सड़क पर उतरकर आरोपितों की तत्काल गिरफ्तारी और एनकाउंटर की मांग कर रहे थे। वहीं, घटनास्थल पर डीएसपी समेत पुलिस के कई अधिकारी पहुंचे और आरोपितों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी जारी है।

