
बिहार के चर्चित टेंडर घोटाले की जांच जैसे-जैसे आगे बढ़ रही है, वैसे-वैसे नए नाम सामने आ रहे हैं। अब इस मामले में विपुल वैभव की एंट्री हुई है। विपुल वैभव को ठेकेदार रिशु श्री का करीबी बताया जा रहा है। दावा है कि कभी आर्थिक तंगी से गुजरने वाले विपुल वैभव की जिंदगी रिशु श्री के संपर्क में आने के बाद पूरी तरह बदल गई। रेलवे में क्लर्क रहे पिता का बेटा आज रेंज रोवर जैसी महंगी गाड़ी, विदेश यात्राओं और आलीशान जीवनशैली को लेकर चर्चा में है।आखिर कौन हैं विपुल वैभव? उनकी संपत्ति में इतनी तेजी से इजाफा कैसे हुआ? उनकी आर्थिक तरक्की का स्रोत क्या है और ठेकेदार रिशु श्री के साथ उनका कैसा कारोबारी संबंध रहा है? इन तमाम सवालों के जवाब अब प्रवर्तन निदेशालय यानी ED तलाश रही है।ED के समन पर विपुल वैभव आज पटना स्थित ED कार्यालय पहुंचे हैं, जहां उनसे पूछताछ की जा रही है। इस मामले में रिशु श्री के कथित नेटवर्क, करोड़ों की संपत्ति और कई IAS अधिकारियों से पूछताछ पहले ही जांच के दायरे में आ चुकी है।
टेंडर घोटाले की जांच के बीच आज पटना के प्रवर्तन निदेशालय कार्यालय में हलचल देखने को मिली। रिशु श्री के करीबी बताए जा रहे विपुल वैभव ED कार्यालय पहुंचे, जहां जांच एजेंसी उनसे पूछताछ कर रही है। ED की जांच का केंद्र उनकी संपत्ति, आर्थिक लेन-देन और रिशु श्री के साथ कथित कारोबारी संबंध बताए जा रहे हैं।विपुल वैभव की चर्चा उनकी आलीशान जीवनशैली को लेकर भी हो रही है। रेंज रोवर जैसी महंगी गाड़ी और विदेश यात्राओं को लेकर उठ रहे सवालों के बीच जांच एजेंसी यह जानने की कोशिश कर रही है कि उनकी संपत्ति का वास्तविक स्रोत क्या है और क्या उनका रिशु श्री के कथित नेटवर्क से कोई संबंध है।इससे पहले भी इस पूरे मामले में कई अधिकारियों और अन्य लोगों से पूछताछ हो चुकी है। ऐसे में विपुल वैभव से पूछताछ को जांच के लिहाज से अहम माना जा रहा है।फिलहाल ED कार्यालय में विपुल वैभव से पूछताछ जारी है। अब सबकी नजरें इस बात पर टिकी हैं कि पूछताछ में कौन-कौन से नए तथ्य सामने आते हैं और बिहार के इस चर्चित टेंडर घोटाले की जांच आगे किस दिशा में बढ़ती है।

