
लदमा में ऐतिहासिक शाही विवाह संपन्न हुआ… बाढ़ अनुमंडल के लदमा गांव के लिए 25 नवंबर 2026 का दिन इतिहास के पन्नों में दर्ज हो गया है। मोकामा विधायक अनंत कुमार सिंह की छोटी बेटी शिवांगी सिंह का विवाह समारोह राजशाही अंदाज में भव्यता के साथ आयोजित किया गया।इस विवाह का प्रमुख आकर्षण घुड़दौड़ प्रतियोगिता रही, जिसका सेमीफाइनल मुकाबला संपन्न हुआ। भारी भीड़ के कारण फाइनल प्रतियोगिता स्थगित कर दी गई, जिसकी अगली तिथि बाद में घोषित की जाएगी।लदमा में पाँच लाख से अधिक लोगों के पहुँचने से मेले जैसा दृश्य दिखाई दिया और यातायात व्यवस्था पर भी दबाव पड़ा।
भव्यता ऐसी कि आम लोगों के लिए दो विशाल भोजन पंडाल बनाए गए, जिनमें एक साथ हजारों लोगों के भोजन की व्यवस्था की गई। वहीं विशिष्ट अतिथियों के लिए जयमाला पंडाल के सामने अलग व्यवस्था की गई। समारोह में 156 प्रकार के व्यंजन तैयार किए गए।इस शाही शादी के साक्षी बनने के लिए उत्तर प्रदेश के पूर्व सांसद ब्रजभूषण शरण सिंह, केंद्रीय मंत्री ललन सिंह, सांसद विवेक ठाकुर सहित कई जनप्रतिनिधि और गणमान्य व्यक्ति पहुँचे। दो हेलीकॉप्टरों से अतिथियों का आगमन हुआ। उत्तर प्रदेश, नेपाल, झारखंड, मध्य प्रदेश और बिहार के विभिन्न जिलों से लोग इस भव्य आयोजन के साक्षी बने।शिवांगी सिंह का यह विवाह समारोह अपनी भव्यता और विशाल जनसमूह के कारण एक यादगार आयोजन बन गया।

