
सहरसा : सदर अस्पताल सहरसा से एक चौंकाने वाली घटना सामने आई है जहाँ एक ऑटो रिक्शा चालक एक महिला को गंभीर अवस्था में अस्पताल परिसर में लाकर जमीन पर फेंक कर फरार हो गया.महिला कई घंटे तक इमरजेंसी के ठीक सामने बेहोशी की हालत में पड़ी रही. इस दौरान डॉक्टर, नर्स और अन्य मरीजों का आना-जाना लगा रहा, लेकिन किसी ने महिला की सुध नहीं ली. अस्पताल प्रशासन की इस अमानवीय लापरवाही को देखकर मौके पर भीड़ जुटने लगी और लोगों ने अस्पताल प्रबंधन पर सवाल उठाना शुरू कर दिया.इसके बाद अस्पताल के एक सुरक्षा कर्मी ने पहल करते हुए स्ट्रेचर मंगवाया और महिला को बरामदे में सुरक्षित स्थान पर ले जाकर चादर से ढक दिया.इमरजेंसी में तैनात डॉक्टरों ने महिला की जांच की और उसे मृत घोषित कर दिया.महिला के पास एक बैग मिला है, ऐसा लग रहा है कि वह यात्रा कर रही थी इसी दौरान उसकी हालत बिगड़ी और उसकी मौत हो गई.

