
बेगूसराय : बिहार में कॉमेडी यूट्यूब क्रिएटर को शराब की बोतल के साथ फेसबुक पर फोटो पोस्ट करना मंहगा पड़ गया और उसे गिरफ्तार कर जेल भेज दिया गया . साहेबपुर कमाल थाना क्षेत्र के खरहट गांव निवासी रतन कुमार उर्फ गब्बर फेसबुक पर बिहारी गब्बर आईडी से कॉमेडी वीडियो बनाकर चलाता है . रतन कुमार के द्वारा 18 जून को अपनी पत्नी के साथ शराब की एक बोतल के साथ कई फोटो पत्नी को नौकरी लगी है उस खुशी में पार्टी लिखकर पोस्ट किया था. इसके बाद उस पोस्ट को लेकर लोगों ने सोशल मीडिया पर वायरल कर दिया और शराबबंदी कानून पर सवाल उठाया गया .
वीडियो फोटो वायरल होते ही साहेबपुर कमाल थाना पुलिस हरकत में आई और छापेमारी कर खरहट गांव से 19 जून को रतन कुमार उर्फ गब्बर को गिरफ्तार कर लिया. इस मामले में एसपी मनीष ने कहा कि साहेबपुर कमाल थाना क्षेत्र का सोशल मीडिया पर शराब की बोतल के साथ फोटो वायरल हुआ जिसकी जांच कर सत्यापन किया गया और खरहट गांव से रतन कुमार उर्फ गब्बर को गिरफ्तार किया गया है. इस दौरान पुलिस को देखकर रतन कुमार शराब की बोतल में बची थोड़ी सी शराब को लेकर फेंकने जा रहा था उस शराब की बोतल को भी जप्त किया गया है. रतन ने अन्य लोगों से भी अपील किया कि इस तरह की हरकत नहीं करें नहीं तो उन्हें भी जेल जाना पड़ सकता है.

