राजपुर गोलीकांड में मरने वालों की संख्या हुई चार, गोलीबारी का लाइव वीडियो वायरल

बक्सर : राजपुर थाना क्षेत्र के अहियापुर गांव में शनिवार अहले सुबह हुए ताबड़तोड़ गोलीकांड में मरने वालों की संख्या बढ़कर चार हो गई है. सूत्रों के मुताबिक दोपहर बाद वाराणसी में इलाज के दौरान 35 वर्षीय मंटू सिंह की मौत हो गई. इससे पहले व्यवसायी विनोद सिंह यादव और सुनील सिंह यादव की घटनास्थल पर मौत हो गई थी, जबकि वीरेंद्र सिंह यादव ने इलाज के दौरान दम तोड़ दिया. इस वारदात में एक ही परिवार के छह लोग निशाना बने, जिनमें कई की हालत अब भी गंभीर है.

इस घटना के बाद एक वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है, जिसमें अपराधी हथियारों से खुलेआम गोलियां चलाते दिखाई दे रहे हैं. वीडियो में एक पूर्व जनप्रतिनिधि की गाड़ी भी मौके पर खड़ी नजर आ रही है. विश्वस्त सूत्रों के अनुसार, हमलावर इसी गाड़ी से पहुंचे थे. इस वीडियो के सामने आने के बाद पूर्व जनप्रतिनिधि की भूमिका पर सवाल उठने लगे हैं, जिससे राजनीतिक तापमान भी बढ़ गया है.

इधर, घटना से आक्रोशित परिजनों और ग्रामीणों ने शव को सड़क पर रखकर बक्सर-कोचस मुख्य मार्ग को पूरी तरह से जाम कर दिया. परिजनों ने साफ कहा कि जब तक सभी हमलावरों की गिरफ्तारी नहीं होगी, वे शव नहीं उठाएंगे. इस विरोध के कारण करीब 10 किलोमीटर तक सड़क पर वाहनों की लंबी कतार लग गई और यातायात पूरी तरह से बाधित हो गया.घटना की गंभीरता को देखते हुए बक्सर एसपी शुभम आर्य खुद मोर्चा संभाले हुए हैं. उनकी अगुवाई में पुलिस की कई टीमें गठित कर दी गई हैं और लगातार छापेमारी चल रही है. एसपी ने स्पष्ट किया कि दोषियों को किसी भी सूरत में बख्शा नहीं जाएगा. पुलिस वायरल वीडियो की तकनीकी जांच कर रही है और अपराधियों की पहचान की जा रही है.

इस बीच, बक्सर पहुंचे बिहार सरकार के मंत्री जनक राम ने महागठबंधन पर गंभीर आरोप लगाए. उन्होंने कहा कि इस तरह के जघन्य अपराधों को महागठबंधन के समर्थकों का संरक्षण प्राप्त है. उन्होंने पुलिस प्रशासन को सख्त कार्रवाई के निर्देश भी दिए.फिलहाल गांव में तनावपूर्ण शांति बनी हुई है और भारी संख्या में पुलिस बल की तैनाती की गई है. प्रशासनिक अधिकारी लगातार हालात पर नजर बनाए हुए हैं.

Next Post

25 हजार का इनामी कुख्यात अपराधी गुरुदेव मंडल ढेर

Sat May 24 , 2025
Share on Facebook Tweet it Email भागलपुर: नवगछिया पुलिस जिला में देर रात नवगछिया पुलिस और एसटीएफ की संयुक्त कार्रवाई में 25 हजार रुपये के इनामी कुख्यात अपराधी सनो‍ज मंडल उर्फ गुरुदेव मंडल को मुठभेड़ में मार गिराया गया।घटना रगड़ा थाना क्षेत्र के मुरली चौक की है। पुलिस को गुप्त […]

आपकी पसंदीदा ख़बरें