
राजस्थान की हर्षिता जाखड़ ने खेलो इंडिया यूथ गेम्स 2025 बिहार के साइक्लिंग मुकाबलों के पहले दिन शानदार प्रदर्शन करते हुए दो स्वर्ण पदक अपने नाम किए। 18 वर्षीय हर्षिता ने 500 मीटर टाइम ट्रायल और 7.5 किमी स्क्रैच रेस में दबदबे के साथ जीत हासिल की।
हर्षिता, जिन्होंने 2025 जूनियर ट्रैक एशियन साइक्लिंग चैंपियनशिप में चार पदक जीते थे और टारगेट एशियन गेम्स ग्रुप में जगह बनाई थी, ने 500 मीटर टाइम ट्रायल में 38.631 सेकंड का समय निकालकर महाराष्ट्र की आकांक्षा म्हात्रे (38.742) और तमिलनाडु की एस थबीथा (39.454) को पीछे छोड़ा।
दिन की शुरुआत में, हर्षिता ने 7.5 किमी स्क्रैच रेस में 11:50.973 के समय के साथ बिहार की सुहानी कुमारी को पछाड़ते हुए पहला स्वर्ण पदक जीता। सुहानी ने 11:51.558 में रजत और म्हात्रे ने 11:51.649 में कांस्य पदक जीता। हर्षिता ने पदक वितरण के बाद कहा, “मैं अपने चचेरे भाई आदित्य जाखड़ के साथ स्वर्ण जीतकर खुश हूं।”
मेजबान बिहार ने सुहानी कुमारी की 7.5 किमी स्क्रैच रेस में रजत और टीम स्प्रिंट में दूसरा रजत जीतकर पदक खाता खोला। टीम में अमृता कुमारी, शालिनी कुमारी और सुहानी शामिल थीं।

