
शिवहर विधायक चेतन आनंद और सांसद लवली आनंद ने पटना में संयुक्त प्रेस कॉन्फ्रेंस कर सुप्रीम कोर्ट के फैसले पर प्रतिक्रिया दी। प्रेस कॉन्फ्रेंस में आनंद मोहन खुद मौजूद रहे। चेतन आनंद ने जजमेंट पर 5 कानूनी सवाल उठाए तो वहीं लवली आनंद ने इसे निंदनीय बताते हुए कहा कि सबसे बड़ी विक्टिम वो खुद हैं।
शिवहर विधायक चेतन आनंद ने कहा कि 26 तारीख को आए जजमेंट का लीगल टीम ने शुरुआती अध्ययन किया है। उन्होंने कहा 2002 में जो नीति लागू हुई थी, 2012 में पारित हुई और 2016 में जिसमें बदलाव हुए, उन सभी को रिकॉर्ड पर रखा गया था। पटना हाईकोर्ट से 3 लोगों को और सुप्रीम कोर्ट से 1-2 लोगों को पहले भी छोड़ा गया था। 2023 में आए नियम के बाद 35-36 लोगों को पिताजी के साथ छोड़ा गया था।
चेतन ने दावा किया कि लगभग 3000 कैदियों को नई नीति का लाभ मिला है। उन्होंने सवाल उठाया कि यदि परिस्थितियां समान हैं तो कानून अलग-अलग कैसे लागू हो रहा है। 2023 के अमेंडमेंट को असंवैधानिक घोषित किया गया लेकिन जजमेंट में यह स्पष्ट नहीं है कि यह बदलाव विशेष रूप से आनंद मोहन को लाभ पहुंचाने के लिए किया गया था। जैसे 2023 के टाइमिंग पर सवाल उठा, वैसे ही 2012 में बनाए गए कानून की मंशा की भी निष्पक्ष जांच होनी चाहिए।
वहीं लवली आनंद ने भावुक होते हुए कहा कि 32 साल से न्याय के लिए लड़ रहे हैं। जब जी कृष्णैया की हत्या हुई तब मैं वैशाली से सांसद थी, हम गौतम बुद्ध जयंती के लिए गए थे और हाजीपुर लौट आए थे, जांच तक नहीं हुई। हमारा परिवार, हमारे बच्चे मानसिक रूप से प्रताड़ित हो रहे हैं। आनंद मोहन निर्दोष होते हुए भी 16 साल जेल में रहे। 12 साल में जो परिवर्तन होता है, जब मैं बच्चों को हॉस्टल देकर निकली थी, उनकी शादी के समय परोल और फिर रिहाई हुई।
लवली आनंद ने कहा कि मुझे भी विक्टिम बनाया गया, मैं भी जेल गई। खाबड़ा गांव में घटना हुई, हम वहां थे ही नहीं। हाईकोर्ट के चीफ जस्टिस एसएन झा ने मेरी जमानत के समय कहा था कि डीजीपी भी कहे तो नहीं मान सकता कि लवली आनंद हत्यारिन है।
उन्होंने कहा आनंद मोहन अकेले नहीं, 36 लोग और निकले, देश में हजारों लोग निकले, फिर सिर्फ आनंद मोहन की ही रिहाई क्यों तोड़ी गई? क्यों सबकी रिहाई रद्द नहीं हुई? सिर्फ इसलिए कि वो ज्यादा लोकप्रिय हैं। उन्होंने कहा सुप्रीम कोर्ट ने कहा था विक्टिम भी रहेगा, तो मेरे से बड़ा विक्टिम कौन होगा। यह फैसला मन बना कर दिया गया है, विदेशी कानूनों का हवाला दिया जा रहा है। भारत का संविधान बाबा साहब अंबेडकर ने बनाया है, उसी पर चलना चाहिए।
