
राजद MLC उर्मिला ठाकुर ने एक सार्वजनिक मंच से पार्टी सुप्रीमो लालू प्रसाद यादव की तुलना भगवान शिव से करते हुए उन्हें ‘कलयुग का जिंदा भगवान’ बताया है। उनके इस बयान का वीडियो सोशल मीडिया पर खूब वायरल हो रहा है.उन्होंने यह बयान सोमवार को मुजफ्फरपुर के गायघाट में डॉ. भीमराव अंबेडकर की प्रतिमा के अनावरण समारोह के दौरान दिया था .कार्यक्रम में मंच पर स्थानीय विधायक और राजद के प्रदेश अध्यक्ष समेत कई वरिष्ठ नेता भी मौजूद थे. सभा को संबोधित करते हुए उर्मिला ठाकुर ने कहा कि, एक भगवान शिव थे और दूसरा कलयुग में बाबू लालू प्रसाद हैं. वे इस धरती पर जिंदा भगवान हैं, जिन्होंने गरीबों को आवाज दी, सम्मान दिया.
उर्मिला ठाकुर ने अपने भाषण में सिर्फ भगवान शिव ही नहीं, बल्कि भीष्म पितामह, भगवान श्रीकृष्ण और भगवान राम जैसे हिंदू देवी-देवताओं से भी लालू प्रसाद की तुलना की। उन्होंने कहा कि, जिस तरह इन महान चरित्रों की कोई जगह नहीं ले सकता, वैसे ही बाबू लालू प्रसाद यादव का भी कोई स्थान नहीं ले सकता.MLC ठाकुर ने अपने संबोधन में भगवान शिव की उदारता और समरसता की मिसाल देते हुए लालू यादव को गरीबों का रक्षक बताया.
उन्होंने कहा कि, शिव गरीबों के देवता हैं. उनकी सवारी बसहा है, मगर साथ ही बाघ भी है. बाघ बसहा को नहीं खाता, क्योंकि शिव का संसार समरसता का प्रतीक है. वैसे ही लालू यादव भी गरीबों और वंचितों को जोड़ने वाले देवतुल्य नेता हैं. इस बयान पर राजनीतिक हलकों में तीखी बहस शुरू हो गई है. विपक्षी दलों ने इसे आस्था और राजनीति के खतरनाक मेल की संज्ञा दी है, वहीं राजद ने अभी तक इस पर कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया नहीं दी है.अब आगे क्या होता है ये देखने वाली बात है .

