एचपीवी टीकाकरण एवं हीट वेव (लू) से बचाव को लेकर समीक्षा बैठक आयोजित

जिला पदाधिकारी, नवादा रवि प्रकाश की अध्यक्षता में उनके कार्यालय प्रकोष्ठ से वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से एचपीवी (HPV) टीकाकरण एवं हीट वेव (लू) से बचाव एवं तैयारियों को लेकर समीक्षा बैठक आयोजित की गई।

बैठक में जिला पदाधिकारी ने 14-15 वर्ष की बालिकाओं के लिए एचपीवी (HPV) टीकाकरण को अत्यंत आवश्यक बताते हुए कहा कि इससे सर्वाइकल कैंसर जैसी गंभीर बीमारी से बचाव संभव है। उन्होंने सिविल सर्जन को निर्देश दिया कि आशा कार्यकर्ताओं के माध्यम से घर-घर हेड काउंट सर्वे कर लक्षित बालिकाओं की पहचान करते हुए शत-प्रतिशत टीकाकरण सुनिश्चित किया जाए।

समीक्षा के दौरान पाया गया कि सिरदला, कौआकोल, रोह एवं अकबरपुर प्रखंडों में टीकाकरण की प्रगति संतोषजनक नहीं है। इस पर जिला पदाधिकारी ने संबंधित चिकित्सा पदाधिकारियों को विशेष कार्ययोजना बनाकर शीघ्र लक्ष्य प्राप्ति सुनिश्चित करने का निर्देश दिया।

उन्होंने अभिभावकों को जागरूक करने हेतु विशेष अभियान चलाने, विद्यालयों में छात्राओं के अभिभावकों के साथ बैठक आयोजित करने तथा सरकारी एवं गैर-सरकारी विद्यालयों में विशेष टीकाकरण शिविर लगाने का निर्देश दिया। साथ ही आंगनबाड़ी केंद्रों के माध्यम से व्यापक प्रचार-प्रसार सुनिश्चित करने को कहा।

जिला पदाधिकारी ने सभी प्राथमिक स्वास्थ्य केन्द्रों के प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारी (MOIC) को निर्देश दिया कि निर्धारित लक्ष्य को हर हाल में पूर्ण किया जाए तथा आशा, एएनएम एवं आरबीएसके (RBSK) टीमों के माध्यम से जन-जागरूकता अभियान चलाया जाए। साथ ही टीकाकरण सत्रों की नियमित मॉनिटरिंग एवं दैनिक प्रगति प्रतिवेदन उपलब्ध कराने का निर्देश दिया गया।

इसके साथ ही हीट वेव (लू) से बचाव की समीक्षा के क्रम में सिविल सर्जन द्वारा बताया गया कि सदर अस्पताल सहित सभी प्राथमिक स्वास्थ्य केन्द्रों में विशेष वार्ड स्थापित किए जा चुके हैं, जहां एयर कंडीशनर एवं आवश्यक दवाओं की समुचित व्यवस्था की गई है।

जिला पदाधिकारी ने सभी अस्पतालों में शुद्ध पेयजल एवं चापाकल की व्यवस्था सुनिश्चित करने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि जहां पीएचईडी की योजनाएं कार्यरत नहीं हैं, वहां समन्वय स्थापित कर पानी के टैंकर की उपलब्धता सुनिश्चित की जाए।

विद्युत विभाग के कार्यपालक अभियंता को हीट वेव अवधि में निर्बाध विद्युत आपूर्ति सुनिश्चित करने का निर्देश दिया गया, ताकि आमजन को किसी प्रकार की असुविधा न हो।

इसके अतिरिक्त “क्या करें और क्या न करें” (Do’s & Don’ts) से संबंधित जागरूकता का व्यापक प्रचार-प्रसार सभी ग्राम पंचायतों में कराने का निर्देश दिया गया। आंगनबाड़ी सेविका, आशा कार्यकर्ता एवं जीविका दीदियों के माध्यम से घर-घर तक जागरूकता पहुंचाने पर बल दिया गया।

जिला पदाधिकारी ने सभी कार्यपालक पदाधिकारी, नगर परिषद/नगर पंचायत एवं प्रखंड विकास पदाधिकारियों को निर्देशित किया कि सार्वजनिक स्थलों पर छायादार स्थान एवं पेयजल की व्यवस्था सुनिश्चित की जाए।

बैठक में सिविल सर्जन, नवादा श्री विनोद कुमार चौधरी, जिला कार्यक्रम प्रबंधक (DPM) श्री अमित कुमार सहित सभी प्रखंडों के चिकित्सा पदाधिकारी (MOIC), प्रखंड विकास पदाधिकारी, स्वास्थ्य प्रबंधक एवं अन्य संबंधित अधिकारी वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से जुड़े हुए थे।

Next Post

मुख्यमंत्री ने बड़ी पटनदेवी मंदिर में पूजा-अर्चना की

Wed Apr 29 , 2026
Share on Facebook Tweet it Email मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने बड़ी पटनदेवी मंदिर और छोटी पटनदेवी मंदिर, पटना सिटी में पूजा-अर्चना कर राज्य की सुख-शांति एवं समृद्धि की कामना की। पुरोहितों ने मंत्रोच्चार के साथ मुख्यमंत्री को विधिवत पूजा करायी।पूजा-अर्चना के पश्चात् मुख्यमंत्री ने बड़ी पटनदेवी मंदिर परिसर की व्यवस्थाओं […]

आपकी पसंदीदा ख़बरें