
सहरसा : शुक्रवार को सहरसा जिले के पतरघट अंचल के अंचलाधिकारी राकेश कुमार को निगरानी की टीम ने 20,000 रुपये की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथ गिरफ्तार कर लिया।सूत्रों के मुताबिक, यह रिश्वत एक जमीन के मोटेशन मामले में ली जा रही थी। अंचलाधिकारी ने मोटेशन कराने के बदले जमीन मालिक से 1,50,000 रुपये की मांग की थी। शिकायत मिलने के बाद जमीन मालिक ने निगरानी विभाग, पटना में इसकी जानकारी दी। विभाग ने योजना बनाकर जाल बिछाया और आज अंचलाधिकारी को घूस लेते हुए गिरफ्तार कर लिया।जैसे ही शिकायतकर्ता द्वारा CO (अंचलाधिकारी) को पैसे सौंपे गए, निगरानी टीम ने तुरंत मौके पर पहुंचकर उन्हें दबोच लिया। निगरानी टीम ने प्रमाण के तौर पर CO के हाथ को पानी में डुबोया, जिसमें रंग परिवर्तन होते ही घूसखोरी की पुष्टि हो गई। इसके बाद अधिकारियों ने अपना परिचय देते हुए उन्हें हिरासत में ले लिया।
गिरफ्तारी के बाद निगरानी विभाग की टीम अंचलाधिकारी राकेश कुमार को मधेपुरा स्थित उनके आवास पर भी लेकर गई, जहां छापेमारी की जा रही है। देर रात तक टीम के सहरसा लौटने की संभावना है।इस कार्रवाई से प्रशासनिक हलकों में हड़कंप मच गया है और यह एक बार फिर भ्रष्टाचार के खिलाफ निगरानी विभाग की सक्रियता को दर्शाता है।

