
गोविंदपुर में 11 हजार की केबल में फाल्ट होने पर 2 दर्जन मोहल्ले में 6 घंटे से बिजली नहीं है। शाम 6 बजे से फाल्ट पकड़ में नहीं आया। विद्युत उपकेंद्र तेलियरगंज और गोविंदपुर में भी बिजली आपूर्ति बाधित है। इससे तेलियरगंज, मेहदौरी, बद्री आवास, महावीरपुरी ,शिवकुटी, चिल्ला, सुंदरबाग, कोटेश्वर महादेव मंदिर आदि मुहल्ले प्रभावित रहे।
कालिंदीपुरम स्थित महर्षि इंटर कॉलेज के पास लगा 630 केवीए का ट्रांसफार्मर सोमवार सुबह करीब चार बजे फुंक गया। इससे पांच सौ से अधिक घरों में बिजली गुल हो गई। नलकूप न चलने पर लोगों के सामने पेयजल संकट उत्पन्न हो गया। शाम करीब सात बजे नया ट्रांसफार्मर आया। इसके बाद उसे गर्म किया गया और रात नौ बजे आपूर्ति बहाल की गई।
महर्षि इंटर कॉलेज के पास लगे ट्रांसफार्मर में तेज धमाका हुआ और फिर महर्षि इंटर कॉलेज क्षेत्र, लालबाग कालोनी, शुभम विहार कालोनी समेत आसपास के इलाकों की बिजली गुल हो गई। सुबह के समय बिजली आपूर्ति बंद होने से नलकूप नहीं चले।
लोगों ने कसारी-मसारी उपकेंद्र पर पहुंचकर इसकी जानकारी दी, लेकिन कोई कर्मचारी मौके पर नहीं पहुंचा। देखते-देखते शाम के पांच बज गए, लेकिन नये ट्रांसफार्मर की व्यवस्था नहीं हुई। इस कारण शाम को भी नलकूप नहीं चले। भीषण गर्मी से बेहाल लोग पुन: उपकेंद्र पर पहुंचे तो कर्मचारियों ने बताया कि नया ट्रांसफार्मर आ रहा है। शाम सात बजे ट्रांसफार्मर आया तो उसे लगाने का कार्य शुरू हुआ।
इसके बाद ट्रांसफार्मर गर्म करने के बाद रात नौ बजे आपूर्ति सुचारू की गई। इसी प्रकार कल्याणी देवी उपखंड से संबंधित हर्षवर्धन नगर मुहल्ले में सोमवार को नया ट्रांसफार्मर लगाया गया। इस दौरान पांच घंटे तक बिजली आपूर्ति बाधित रही। शाम को कल्याणी देवी मंदिर के पास आग लगने से करीब सौ घरों की बिजली आपूर्ति बंद हो गई। गौसनगर, मस्तान मार्केट, हड्डी गोदाम, सोलह मार्केट में भी एबीसी केबल में खराबी आने से घंटों आपूर्ति ठप रही।
दस घंटे में 29 बार कटी बिजली इंदलपुर उपकेंद्र से संबंधित डांडी मुहल्ले में सोमवार सुबह आठ बजे से शाम छह बजे तक 29 बार बिजली कटी। इससे लोग बेहाल हो गए। उपकेंद्र पर लोगों ने फोन किया, लेकिन कर्मचारी संतोषजनक जवाब नहीं दे सके।
मुहल्ले के अजय कुमार, संतोष, भगवत कुशवाहा, संगीता देवी का कहना है कि प्रतिदिन बेहताशा कटौती की जा रही है। रात नौ बजे बिजली गुल होती है तो देर रात दो बजे के बाद बहाल की जाती है। उपकेंद्र पर पूछने पर अवर अभियंता द्वारा बताया जाता है कि एबीसी केबल में जल गई है। सप्ताह भर से यही चल रहा है, जबकि सच्चाई यह है कि जबरन कटौती की जा रही है।

