
राज्य में नए बहाल हुए 21 हजार 391 सिपाहियों को इस वर्ष 1 से 30 जून के बीच ज्वाइन करने की मोहलत दी गई है। इन्हें योगदान के दौरान सभी आवश्यक दस्तावेजों को अपने साथ लाने के लिए कहा गया है। सभी सफल अभ्यर्थियों को उनके आवंटित इकाई में नियुक्त प्राधिकार के समक्ष योगदान करने के लिए कहा गया है। यह जानकारी केंद्रीय चयन पर्षद (सिपाही भर्ती) के अध्यक्ष जितेंद्र कुमार ने शुक्रवार को पुलिस मुख्यालय सरदार पटेल भवन के सभागार में आयोजित प्रेस वार्ता में दी। उन्होंने कहा कि 9 मई को सिपाही बहाली से संबंधित अंतिम रिजल्ट एवं सूची का प्रकाशन किया जा रहा है। अभ्यर्थी इसे पर्षद की वेबसाइट पर देख सकते हैं।
अध्यक्ष जितेंद्र कुमार ने बताया कि केंद्रीय चयन पर्षद (सिपाही भर्ती) की तरफ से सिपाही के 21 हजार 391 पदों पर चयन के लिए 2023 में बहाली की विज्ञापन निकाला गया था। इसकी लिखित परीक्षा अगस्त 2024 में छह चरणों में आयोजित की गई। इसके बाद शारीरिक दक्षता परीक्षा (पीईटी) का आयोजन 9 दिसंबर 2024 से 10 मार्च 2025 तक पटना में किया गया। विज्ञापन प्रकाशित होने के बाद 17 लाख 87 हजार 720 अभ्यर्थियों ने रजिस्ट्रेशन कराया, जिसमें 11 लाख 95 हजार 101 अभ्यर्थी लिखित परीक्षा में शामिल हुए। इसमें सफल हुए 1 लाख 7 हजार 79 अभ्यर्थियों को पीईटी के लिए चयनित किया गया, जिसमें 86 हजार 539 अभ्यर्थी शामिल हुए।

