
मुंगेर : बरियारपुर प्रखंड स्थित कल्याणपुर बड़ी दुर्गा महारानी मंदिर परिसर में दीपोत्सव का नज़ारा इस बार सचमुच अद्भुत रहा. छोटी दीपावली की रात को जैसे ही दीपों की कतारें जलीं,बड़ी दुर्गा महारानी मंदिर परिसर प्रकाशमय हो उठा. यूथ क्लब की ओर से आयोजित इस दीपोत्सव में हर वर्ष दीपों की संख्या बढ़ती आ रही है.वर्ष 2020 में 1 लाख 75 हज़ार, 2021 में 5 लाख, 2022 में 6 लाख, 2023 में 7 लाख 50 हज़ार और इस साल 11 लाख दीप जलाए गए.मां दुर्गा की आराधना के इस आयोजन में “एक दीप मां के नाम” थीम रखी गई थी .मंदिर परिसर से लेकर गंगा तट तक दीपों की पंक्तियाँ जैसे मातृशक्ति के आशीर्वाद की ज्योति फैला रही थीं.दीपों में घी और तिल के तेल का प्रयोग किया गया ता जिससे वातावरण में पवित्र सुगंध हो गई .भव्यता को और आकर्षक बनाने के लिए ड्रोन शो का भी आयोजन हुआ. लगभग 250 ड्रोन के ज़रिए आसमान में मां दुर्गा की झांकी और महाभारत के दृश्य बनाए गएऔर इस दृश्य को देखकर हजारों श्रद्धालु मंत्रमुग्ध हो गए.

