
नवादा में जिलाधिकारी रवि प्रकाश की अध्यक्षता में लोक स्वास्थ्य प्रमंडल विभाग की योजनाओं की विस्तृत समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में पीपीटी के माध्यम से विभाग द्वारा संचालित विभिन्न योजनाओं एवं कार्यों की प्रगति की बिंदुवार समीक्षा की गई।
प्रस्तुतीकरण के दौरान विभिन्न प्रखंडों में संचालित योजनाओं की प्रगति, लंबित कार्यों की स्थिति तथा निर्धारित लक्ष्य के विरुद्ध उपलब्धि का विस्तृत अवलोकन किया गया। समीक्षा के क्रम में पेयजल आपूर्ति व्यवस्था, हर घर नल-जल योजना, पाइपलाइन विस्तार, जल गुणवत्ता जांच, खराब चापाकलों की मरम्मत, जलापूर्ति केंद्रों के संचालन एवं रख-रखाव सहित अन्य महत्वपूर्ण बिंदुओं पर गहन चर्चा की गई।
कार्यपालक अभियंता द्वारा अवगत कराया गया कि मेसकौर प्रखंड के जल समस्या से प्रभावित पंचायतों के लिए नारदीगंज प्रखंड के डोहरा पंचायत अंतर्गत फल्डू से मेसकौर तक पाइपलाइन के माध्यम से पेयजल आपूर्ति की योजना कंसलटेंट द्वारा तैयार की जा रही है।
इसके साथ ही बताया गया कि पीएचईडी के 112 छूटे हुए टोलों में से 107 टोलों में कार्य पूर्ण कर लिया गया है। वहीं पंचायती राज विभाग अंतर्गत 422 टोलों में से मात्र 285 टोलों में ही कार्य प्रारंभ किया जा सका है, जिस पर जिलाधिकारी ने असंतोष व्यक्त करते हुए शीघ्र कार्य प्रारंभ कराते हुए समयबद्ध रूप से पूर्ण करने का निर्देश दिया।
समीक्षा के दौरान यह भी जानकारी दी गई कि गत वर्ष अच्छी वर्षा के कारण जिले का औसत भूजल स्तर 37.40 मीटर से सुधरकर 32.72 मीटर पर पहुंच गया है, तथापि कुछ क्षेत्रों में अभी भी स्थिति चिंताजनक बनी हुई है।
कार्यपालक अभियंता द्वारा यह भी अवगत कराया गया कि पेयजल समस्याओं के समाधान हेतु जिले में धावा दल के माध्यम से चापाकलों की मरम्मत का कार्य किया जा रहा है। जिले में अधिष्ठापित कुल 32,109 चापाकलों (वर्ष 2024 में 335 चापाकलों तथा वर्ष 2025 में 207 चापाकलों की स्थापना की गई) में से प्राप्त शिकायतों के अनुसार 2,213 चापाकल खराब पाए गए, जिनमें से 1,806 की मरम्मत की जा चुकी है तथा शेष चापाकलों की मरम्मत का कार्य प्रगति पर है।जिलाधिकारी ने कार्यपालक अभियंता, पीएचईडी को निर्देश दिया कि सभी खराब चापाकलों एवं नलों को एक सप्ताह के भीतर क्रियाशील कराया जाए तथा कार्य में लापरवाही बरतने वाले संवेदकों पर कड़ी कार्रवाई की जाए।
इस क्रम में बताया गया कि सीजीआरसी पोर्टल पर कुल 1700 शिकायतें प्राप्त हुई हैं, जिनमें से 1535 शिकायतों का निष्पादन किया जा चुका है। आमजन पीएचईडी के सीजीआरसी पोर्टल पर ऑनलाइन शिकायत दर्ज कर सकते हैं, साथ ही कंट्रोल रूम नंबर 06324-210036 पर भी अपनी शिकायत दर्ज करा सकते हैं।
बैठक में लोक स्वास्थ्य प्रमंडल के कार्यपालक अभियंता, निदेशक डीआरडीए, सहायक अभियंता, कनीय अभियंता सहित अन्य संबंधित पदाधिकारी उपस्थित थे।

