
पटना के गांधी मैदान में बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने झंडा फहराया और तिरंगे को सलामी दी. अलग-अलग विभागों से झांकियां निकाली गईं. मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने कहा कि हम लोगों की सरकार के द्वारा युवाओं को सरकारी नौकरी दी जा रही है. 2020 में सात निश्चय- 2 में हम लोगों ने तय किया 10 लाख नौकरी और 10 लाख रोजगार दिए जाएंगे तो ये तो हो ही गया और बढ़ ही रहा है. अब तय किया है कि अगले 5 वर्षों में एक करोड़ युवाओं को नौकरी और रोजगार दिए जाएंगे.सीएम नीतीश ने कहा कि राज्य में होने वाली सरकारी नौकरियों में शुल्क अब केवल सौ रुपये ही लगेंगे. साथ ही मुख्य परीक्षा में कोई शुल्क नहीं ली जाएगी. इसके अलावा ज्यादा उद्योग देने वाले को मुफ्त में सरकार जमीन देगी.
बिहार से बाहर रहने वाले लोगों को पर्व त्यौहार में अपने घर लौटने के लिए सरकार बसें चलाएगी.नीतीश कुमार ने कहा कि प्रगति यात्रा के दौरान हमलोगों ने विकास कार्यों को देखा. इसके बाद 430 नए विकास योजनाओं को स्वीकृति दे दी. अब हाल में ही सरकार ने कुछ नए कदम उठाए हैं. सरकार ने सभी पंचायतों में विवाह भवन बनाएगी. अब प्रखंड स्तर तक दीदी की रसोई की सेवा उपलब्ध रहेगी. थाली की दर घटा कर 20 रुपये कर दी गई है. इसके अलावा 125 यूनिट बिजली मुफ्त कर दी गई है.

