मुख्यमंत्री ने गंगाजी राजगृह जलाशय का किया निरीक्षण, मलमास मेला-2026 की तैयारियों को लेकर दिए आवश्यक निर्देश

मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने आज नवादा जिले के नारदीगंज अंचल के मोतनाजे ग्राम के पास अवस्थित गंगाजी राजगृह जलाशय का निरीक्षण किया। मुख्यमंत्री ने जलाशय परिसर का भ्रमण कर वहां की व्यवस्थाओं की जानकारी ली। अधिकारियों ने मुख्यमंत्री को बताया कि गंगाजी जल आपूर्ति योजना का बेहतर ढंग से क्रियान्वयन किया जा रहा है। आपके निर्देश पर सुरक्षा की दृष्टि से इस जलाशय के चारों ओर लोहे की जाली लगाई गई है। इस दौरान मुख्यमंत्री ने कहा कि गंगाजी जल आपूर्ति योजना के तहत गयाजी, बोधगया, नवादा और राजगीर में लोगों को गंगाजी का पानी शुद्ध पेयजल के रूप में उपलब्ध कराया जा रहा है। लोगों को शुद्ध पानी निरंतर उपलब्ध कराते रहें, इसमें किसी प्रकार की कोई रुकावट न हो। इस जलाशय परिसर को व्यवस्थित, साफ-सुथरा और पर्यावरण के अनुकूल बनाए रखें।

इसके पश्चात् मुख्यमंत्री ने नालंदा जिले के राजगीर में गृद्धकूट भवन का निरीक्षण किया और वहां की व्यवस्थाओं की जानकारी ली। मुख्यमंत्री ने गृद्धकूट भवन से होते हुए नये रोप-वे का जायजा लिया और वहां पर्यटकीय सुविधाओं की जानकारी ली। मुख्यमंत्री ने कहा कि सारी व्यवस्थाओं को बेहतर ढंग से संचालित करते रहें ताकि यहां आनेवाले पर्यटकों को किसी प्रकार की दिक्कत न हो।

इसके पश्चात् मुख्यमंत्री ने राजगीर इन्टरनेशनल कन्वेंशन सेन्टर में मलमास मेला-2026 की तैयारियों की जानकारी ली। नालंदा के जिलाधिकारी कुंदन कुमार ने मुख्यमंत्री को मलमास मेला-2026 की तैयारियों के संबंध में जानकारी दी।

मुख्यमंत्री ने जिलाधिकारी को निर्देश देते हुए कहा कि मलमास मेला-2026 की बेहतर ढंग से तैयारी करें। यहां बड़ी संख्या में श्रद्धालु आते हैं, उन्हें कोई असुविधा न हो इसका ख्याल रखें। मलमास मेला का आयोजन पूरे एक माह तक होता है। यहां आनेवाले श्रद्धालुओं की सुविधाओं को ध्यान में रखते हुए आवासन, पेयजल, साफ-सफाई सहित बुनियादी सुविधाओं एवं सुरक्षा की पूरी व्यवस्था रखें। उन्होंने कहा कि स्वच्छ जल के साथ-साथ घाट की साफ-सफाई का प्रबंध बेहतर रखें। मलमास मेला में काफी संख्या में लोग पहुँचते हैं। लोगों को आवागमन में असुविधा न हो इसके लिये राजगीर आने वाले हर रास्ते को दुरुस्त रखें। इस बार भी बड़ी संख्या में लोगों के पहुंचने की संभावना है, इसे ध्यान में रखते हुए उनके आवासन, चिकित्सा, सुरक्षा सहित अन्य आवश्यक सुविधाओं का विशेष रूप से ख्याल रखें ताकि उन्हें किसी प्रकार की कठिनाई न हो। उन्होंने कहा कि सुरक्षा व्यवस्था का पुख्ता प्रबंध रखें। प्रशिक्षित पुलिस बलों की मुस्तैदी मेला परिसर में रखें ताकि स्थिति नियंत्रित रहे और लोग सुरक्षित रहें।

Next Post

जमुई में माटी पर होगा बल का दंगल ,उपमुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने बढ़ाया खिलाड़ियों का उत्साह

Sun Feb 15 , 2026
Share on Facebook Tweet it Email श्रीकृष्ण स्टेडियम, जमुई में आयोजित हो रहे ‘माटी का बल दंगल’ बिहार की पारंपरिक खेल संस्कृति को नई ऊर्जा दे रही हैं। सम्राट चौधरी की उपस्थिति ने इस आयोजन को विशेष महत्व प्रदान किया। बिहार राज्य खेल प्राधिकरण और बिहार कुश्ती संघ के संयुक्त […]

आपकी पसंदीदा ख़बरें