
गोपालगंज : शराब बेचने का विरोध करने पर अपने ही सगे भाई को छत से नीचे फेंका . यह घटना नगर थाना क्षेत्र के तकिया बनकट गांव की है.पीड़ित की हालत गंभीर बताई जा रही है और उसे सदर अस्पताल में भर्ती कराया गया है.यह घटना उस वक्त हुई जब पीड़ित व्यक्ति ने अपने बड़े भाई को घर में अवैध रूप से शराब बेचने से मना कर रहा था . आरोपी लंबे समय से घर के ही एक हिस्से में शराब का कारोबार कर रहा था, जिसका परिवार के अन्य सदस्य लगातार विरोध कर रहे थे. जब पीड़ित ने शराब बिक्री को लेकर आपत्ति जताई तो दोनों भाइयों में कहासुनी शुरू हो गई, जो देखते ही देखते हाथापाई में बदल गई और इस दौरान आरोपी ने अपना आपा खो दिया और गुस्से में आकर अपने छोटे भाई को छत से नीचे धक्का दे दिया.
गिरने के कारण पीड़ित गंभीर रूप से घायल हो गया. घटना के समय जब पीड़ित की पत्नी ने बीच-बचाव करने की कोशिश की, तो आरोपी ने उसके साथ भी जमकर मारपीट की. घटना की सूचना मिलते ही नगर थाना की पुलिस मौके पर पहुंची और घायल व्यक्ति को तुरंत गोपालगंज सदर अस्पताल पहुंचाया गया, जहां डॉक्टरों की एक टीम उसकी स्थिति पर निगरानी रखे हुए है. वहीं, आरोपी फरार बताया जा रहा है. पुलिस उसकी तलाश में जुटी है. पुलिस का कहना है कि पूरे मामले की छानबीन की जा रही है और जल्द ही आरोपी को गिरफ्तार कर लिया जाएगा.

