
मंत्री सहकारिता विभाग, बिहार सरकार डॉ. प्रेम कुमार ने आज आगामी पितृ पक्ष मेला 2025 की तैयारियों का जायजा लेने हेतु नगर आयुक्त,उप नगर आयुक्त,सिटी मैनेजर,कार्यपालक अभियंता, डीएसपी एवं नगर निगम के पदाधिकारियों के साथ मेला क्षेत्र का व्यापक निरीक्षण किया।निरीक्षण के दौरान मंत्री डॉ. प्रेम कुमार ने पितामहेश्वर, गोदावरी, रुक्मणि तालाब, केंन्दुई सूर्यमंदिर (पार्किंग व्यवस्था हेतु), सीताकुंड, वैतरणी, ब्रह्मसरोवर एवं देव घाट का भ्रमण कर वहां की वर्तमान स्थिति का बारीकी से अवलोकन किया। उन्होंने घाटों, मंदिर परिसरों एवं पार्किंग स्थलों पर साफ-सफाई, स्ट्रीट लाइट, सुरक्षा, पेयजल, शौचालय, वाल पेंटिंग, बैरिकेडिंग, घाटों की मरम्मत एवं सौंदर्यीकरण जैसे महत्वपूर्ण बिंदुओं की स्थिति का जायजा लिया।
मंत्री डॉ. प्रेम कुमार ने निर्देश दिया कि—साफ-सफाई का विशेष ध्यान रखते हुए मेला क्षेत्र को प्रतिदिन स्वच्छ रखा जाए।स्ट्रीट लाइट एवं विद्युत आपूर्ति सुनिश्चित की जाए ताकि श्रद्धालुओं को रात्रिकालीन समय में भी सुविधा हो।पार्किंग व्यवस्था को व्यवस्थित एवं सुगम बनाया जाए, ताकि यातायात में कोई बाधा न हो।सुरक्षा व्यवस्था चाक-चौबंद रखते हुए पुलिस बल एवं स्वयंसेवकों की पर्याप्त तैनाती हो।घाटों की मरम्मत एवं सौंदर्यीकरण कार्य शीघ्र पूरा किया जाए।पर्यटकों एवं श्रद्धालुओं के मार्गदर्शन के लिए सूचना पट्ट और वाल पेंटिंग के माध्यम से धार्मिक एवं सांस्कृतिक महत्व की जानकारी उपलब्ध कराई जाए।
उन्होंने कहा कि पितृ पक्ष मेला में देश-विदेश एवं राज्य के कोने-कोने से लाखों की संख्या में श्रद्धालु गयाजी पधारते हैं। पिछले वर्ष इस पावन अवसर पर 20 लाख से अधिक पिंडदानी गयाजी आए थे। इस वर्ष भी श्रद्धालुओं की भीड़ अनुमान से अधिक रहने की संभावना है, ऐसे में सभी विभाग आपसी समन्वय एवं टीम भावना के साथ कार्य करें, ताकि मेला क्षेत्र स्वच्छ, सुरक्षित और सुव्यवस्थित बना रहे।
मंत्री डॉ. प्रेम कुमार ने कहा कि गया जी की धार्मिक, सांस्कृतिक एवं पर्यटन महत्ता को ध्यान में रखते हुए पितृ पक्ष मेला के आयोजन को भव्य और सफल बनाना हम सभी का दायित्व है। उन्होंने गया नगर निगम आयुक्त सराहना करते हुए कहा कि पिछले साल भी नगर निगम के कर्मियों द्वारा अच्छा कार्य किया गया था।इस बार भी नगर निगम से अच्छी साफ सफाई की आशा रखते हैं।
मंत्री डॉ. कुमार ने जिलाधिकारी, नगर आयुक्त, डीएसपी सहित सभी प्रशासनिक अधिकारियों के उत्कृष्ट कार्यों की प्रशंसा करते हुए कहा कि इनकी मेहनत और समर्पण के कारण ही गया का पितृपक्ष मेला पूरे विश्व में अपनी अलग पहचान बनाए हुए है। इसके साथ ही उन्होंने बताया कि केंद्र सरकार की हृदय योजना के तहत गया शहर के विभिन्न तालाबों का सौंदर्यीकरण भी कराया गया है, जिससे धार्मिक स्थलों की गरिमा और आकर्षण में वृद्धि हुई है।
डॉ. प्रेम कुमार ने आश्वासन दिया कि इस वर्ष का पितृपक्ष मेला और अधिक सुव्यवस्थित, स्वच्छ एवं श्रद्धालुओं के अनुकूल होगा। उन्होंने आम जनता एवं स्थानीय स्वयंसेवी संगठनों से भी आह्वान किया कि वे प्रशासन का सहयोग कर इस महत्वपूर्ण धार्मिक आयोजन को सफल बनाने में योगदान दें। डॉ कुमार द्वारा निरीक्षण के दौरान भाजपा के लघु उद्योग प्रकोष्ठ के प्रदेश सहसंयोजक प्रेम सागर, क्षेत्रीय प्रभारी अमित लोहानी, मंडल अध्यक्ष धनंजय धीरू, मुन्ना पांडे, कमल बारीक, गौतम कुमार आदि शामिल रहे।

