
पटना : मसौढ़ी थाना के लकी बाग के एक युवक ने आत्महत्या करने का प्रयास किया है . लेकिन समय रहते उस युवक को बचा लिया गया.यह घटना पुनपुन थाना स्थित लक्ष्मण झूला पुल की है, जहां सोमवार की सुबह करीब 20 वर्षीय प्रिंस कुमार ने अचानक पुल से पुनपुन नदी में छलांग लगा दी. जब लोगों ने युवक को कूदते देखा तो लोगों में अफरा-तफरी मच गई.सूचना मिलते ही पुनपुन थाना प्रभारी बेबी कुमारी दल-बल के साथ मौके पर पहुंचीं और स्थानीय गोताखोरों की मदद से युवक की खोजबीन शुरू की गई. युवक नदी में चल रहे पुल निर्माण कार्य की सेंटरिंग के लोहे के ढांचे में फंस गया था, जिससे वह ऊपर नहीं आ पा रहा था . करीब आधे घंटे की मशक्कत के बाद पुलिस और रेस्क्यू टीम ने उसे सुरक्षित बाहर निकाल लिया.रेस्क्यू के बाद युवक को तत्काल प्राथमिक उपचार के लिए स्थानीय स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया, जहां उसकी स्थिति सामान्य बताई जा रही है.पूछताछ में युवक ने बताया कि वह कुछ निजी कारणों से मानसिक रूप से परेशान था.

