
कटिहार : कटरिया चौक पर रविवार की अहले सुबह करीब 2 बजे भीषण सड़क हादसा हो गया. दो बड़े ट्रकों की आमने-सामने टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि दोनों वाहनों के परकच्चे उड़ गए.हादसे से पूरे गांव में अफरा-तफरी मच गई और लोग मौके की ओर दौड़े .प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, एक ट्रक अनियंत्रित होकर सड़क किनारे पलट गया, वहीं दूसरे ट्रक की केबिन बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई. टक्कर के कारण एक ट्रक के केबिन में आग भी लग गई थी.इस दुर्घटना में एक ट्रक चालक गंभीर रूप से घायल हो गया. उसे आनन-फानन में कुरसेला प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र लाया गया, जहां से डॉक्टरों ने हालत गंभीर देखते हुए हायर सेंटर रेफर कर दिया.फिलहाल, पुलिस ने दोनों क्षतिग्रस्त ट्रकों को साइड में करा कर यातायात बहाल कर दिया है और मामले की जांच की जा रही है .

