
आरा में हुए तनिष्क ज्वेलर्स शोरूम लूट कांड में फरार चल रहे 7वें आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया है. आरोपी की गिरफ्तारी रांची से एसटीएफ और आरा की पुलिस ने की है.इस आरोपी की पहचान बाबा उर्फ सौरभ तिवारी के रूप में हुई है. पुलिस के अनुसार, सौरभ तिवारी इस लूट कांड में शामिल सातवां अपराधी था, जो घटना के दिन हेलमेट पहनकर शोरूम में दाखिल हुआ था और लूटे गए सोने के जेवरात को लेकर फरार हो गया था. वैशाली जिले के भगवानपुर थाना के बिठौली गांव का रहने वाला सौरभ तिवारी पिछले एक साल से पुलिस को लगातार चकमा दे रहा था.हालांकि, हाल ही में एसटीएफ और नगर थानाध्यक्ष को उसके रांची में छिपे होने की सूचना मिली, जिसके बाद जाल बिछाकर उसे पकड़ लिया गया .
एसडीपीओ राज कुमार साह ने कहा कि 10 मार्च 2025 को 7 हथियारबंद अपराधियों ने दिनदहाड़े तनिष्क शोरूम में धावा बोलकर करीब 10.50 करोड़ रुपए के जेवरात लूट लिए थे.इस कांड में अब तक 6 अपराधियों को पहले ही गिरफ्तार कर जेल भेजा जा चुका था, जबकि सौरभ तिवारी की तलाश जारी थी.पुलिस के मुताबिक, लूट के दौरान एक झोले में भरे सोने के जेवरात लेकर भागने वाले इसी आरोपी के कब्जे से 750 ग्राम सोना बरामद किया गया था, जबकि शेष सोना अन्य अपराधियों की ओर से गलाकर बेच दिया .

