
बिहार विधान परिषद के नवनिर्वाचित सदस्यों के शपथ ग्रहण समारोह में नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव भी पहुंचे। शपथ ग्रहण कार्यक्रम खत्म होने के बाद तेजस्वी यादव ने वंशीधर विजवासी और राहुल राज की सदस्यता का मामला फिर उठाया। उन्होंने साफ कहा कि दोनों की सदस्यता रद्द कराने की मांग को लेकर पहले ही सभापति के सामने शिकायत दर्ज कराई जा चुकी है। अगर वहां से न्याय नहीं मिला तो आरजेडी पटना हाईकोर्ट का दरवाजा खटखटाएगी। तेजस्वी ने कहा कि उन्हें न्यायालय पर पूरा भरोसा है और अदालत का जो भी फैसला होगा, उसे स्वीकार करेंगे।
दरअसल, वंशीधर विजवासी और राहुल राज की सदस्यता को लेकर बिहार की सियासत में पहले से ही विवाद चल रहा है। दोनों के बीजेपी से जुड़ने को लेकर विपक्ष ने दल-बदल कानून के तहत कार्रवाई की मांग उठाई है। इसी मामले को लेकर तेजस्वी यादव ने एक बार फिर अपना रुख साफ कर दिया है।तेजस्वी यादव ने कहा कि उनकी लड़ाई इन दोनों नेताओं की सदस्यता समाप्त कराने को लेकर है। इस संबंध में सभापति से पहले भी शिकायत की गई है। अगर इस मामले में कार्रवाई नहीं होती है तो वे पटना हाईकोर्ट जाएंगे और न्यायालय से न्याय की मांग करेंगे।
वहीं, तेजस्वी यादव ने शपथ लेने वाले सभी नवनिर्वाचित एमएलसी को बधाई और शुभकामनाएं भी दीं। उन्होंने स्नातक और शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र से जीतकर आए सभी सदस्यों को शुभकामनाएं दीं।ऐसे में अब वंशीधर विजवासी और राहुल राज की सदस्यता का मामला एक बार फिर राजनीतिक चर्चा के केंद्र में है। शपथ ग्रहण समारोह के बाद तेजस्वी के इस बयान से साफ है कि विपक्ष इस मुद्दे को कानूनी लड़ाई के जरिए आगे बढ़ाने की तैयारी में है।

