
भाजपा नेता एवं नवादा सांसद विवेक ठाकुर ने देश के रक्षामंत्री राजनाथ सिंह से शिष्टाचार मुलाकात कर नवादा लोकसभा क्षेत्र में सेना भर्ती रैली आयोजित करने के संबंध में विस्तृत चर्चा कर उन्हें ज्ञापन सौंपा।
सांसद ने रक्षामंत्री को बताया कि नवादा संसदीय क्षेत्र अंतर्गत नवादा और शेखपुरा दोनों पिछड़ा जिला है। नवादा लोकसभा सहित सम्पूर्ण मगध क्षेत्र से परंपरागत भारी संख्या में युवा देशसेवा में अपना योगदान दे रहे हैं।
विवेक ठाकुर ने बताया कि यहां के युवा देश की रक्षा सेवाओं में शामिल होने को सदैव उत्सुक रहते हैं। लेकिन अनेक योग्य युवा जिन्हें व्यापक अवसर और सही जानकारी नहीं मिल पाती है, जिससे वे वंचित रह जाते हैं। नवादा में सेना भर्ती रैली आयोजित होने से क्षेत्र के वंचित युवाओं में राष्ट्रसेवा, अनुशासन और रोजगार के नए अवसर पैदा होंगे।
सांसद ने यह भी सुझाव दिया है कि भर्ती रैली के साथ जागरूकता एवं ओरिएंटेशन कार्यक्रम भी आयोजित किया जाए, जिसमें युवाओं को पात्रता, शारीरिक मानक, चिकित्सीय मानक और चयन प्रक्रिया से संबंधित मार्गदर्शन दिया जा सके।

