
नौबतपुर : सरासत गांव में एक ढाई साल की बच्ची की नाले में गिरने से मौत हो गई. बच्ची आंगनबाड़ी केंद्र से लौट रही थी, तभी वह नाले में गिर गई और उसकी दम घुटने से मौत हो गई . बच्ची सुबह 10 बजे आंगनवाड़ी केंद्र गई थी. छुट्टी के बाद जब वह घर नहीं लौटी, तो परिजन चिंतित हो गए.परिवार के लोग तुरंत आंगनबाड़ी केंद्र पहुंचे, जहां उन्हें बताया गया कि बच्ची छुट्टी के बाद जा चुकी है. इसके बाद परिजनों और ग्रामीणों ने बच्ची की व्यापक खोजबीन की, लेकिन उसका कहीं पता नहीं चला। परिजनों को आशंका हुई कि बच्ची का अपहरण कर लिया गया है. इस संबंध में नौबतपुर थाने को सूचना दी गई और पुलिस को मामले से अवगत कराया गया. खुले चैंबर पर ग्रामीणों की नजर पड़ी तो जब डंडा डालकर देखा गया, तो बच्ची का थैला और कटोरा दिखाई दिया. इसके बाद परिजनों ने ग्रामीणों की मदद से मोटर लगाकर नाले से पानी निकालना शुरू किया. पानी निकलने के बाद बच्ची कीचड़ में फंसी हुई मिली. उसे तुरंत बाहर निकालकर अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने जांच के बाद मृत घोषित कर दिया.

