खगड़िया में पुलिस-अपराधी के बीच मुठभेड़, एक लाख के इनामी बदमाश को लगी गोली

बिहार के खगड़िया में बीती रात पुलिस और अपराधी के बीच मुठभेड़ हुई है। इस एनकाउंटर में एक लाख का इनामी कुख्यात बदमाश मिथलेश महतो पैर में गोली लगने से घायल हो गया है, जिसे पुलिस अभिरक्षा में इलाज के लिए सदर अस्पताल लाया गया है।जानकारी के मुताबिक जख्मी अपराधी मिथलेश महतो ट्रिपल मर्डर के चश्मदीद गवाह को धमकाने की नीयत से उसके घर के पास आया था। इस इनपुट पर जिला पुलिस और STF की संयुक्त टीम ने चौथम थाना इलाके में कार्रवाई की। पुलिस टीम ने जब मिथलेश को पकड़ने की कोशिश की तो उसने पुलिस पर फायरिंग कर दी।


जवाब में पुलिस ने भी आत्मरक्षा में फायरिंग की। दोनों तरफ से कई राउंड फायरिंग हुई, जिसमें मिथलेश महतो घायल हो गया। मौके से एक पिस्टल, एक देशी कट्टा और कई कारतूस बरामद किए गए हैं।एसपी शैलेंद्र सिंह ने बताया कि मिथलेश महतो पर सात हत्या समेत दस संगीन मामले दर्ज हैं। उस पर बिहार के अलावा दिल्ली और नेपाल में भी केस दर्ज हैं। वह एक लाख का इनामी बदमाश था। फिलहाल पुलिस अभिरक्षा में उसका इलाज जारी है।

आपकी पसंदीदा ख़बरें