
बिहार विधानमंडल का शीतकालीन सत्र 30 नवंबर से शुरू होकर 4 दिसंबर तक चलेगा। सत्र से ठीक पहले मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने कानून व्यवस्था को लेकर प्रशासनिक अधिकारियों के साथ मोर्चा संभाल लिया है। मुख्यमंत्री सचिवालय स्थित संवाद सभागार में दो दिवसीय प्रशासनिक समीक्षा सम्मेलन के पहले दिन मुख्यमंत्री ने सभी जिलों के डीएम, एसपी, एसएसपी और विभागीय वरीय पदाधिकारियों के साथ बैठक की। इस दौरान अपराध, भ्रष्टाचार और प्रशासनिक लापरवाही पर जीरो टॉलरेंस की नीति अपनाने और जवाबदेह प्रशासन सुनिश्चित करने का सख्त निर्देश दिया गया।
बिहार में शीतकालीन सत्र की शुरुआत से ठीक पहले मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी की यह बैठक कई मायनों में अहम मानी जा रही है। बैठक में राज्य की कानून व्यवस्था, अपराध नियंत्रण और प्रशासनिक कामकाज की विस्तृत समीक्षा की गई।
मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिया कि अपराध, भ्रष्टाचार और किसी भी तरह की प्रशासनिक लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। सभी अधिकारी अपनी जिम्मेदारियों का निर्वहन करें और जवाबदेही सुनिश्चित करें।
इस बैठक में सभी जिलों के जिलाधिकारी, पुलिस अधीक्षक, वरीय पुलिस अधीक्षक और विभिन्न विभागों के वरिष्ठ अधिकारी शामिल हुए। अधिकारियों के पहुंचने का सिलसिला भी लगातार जारी रहा।
दरअसल, 30 नवंबर से शुरू होने वाले शीतकालीन सत्र में विपक्ष बिहार की कानून व्यवस्था को लेकर सरकार को घेर सकता है। हाल के दिनों में राज्य के अलग-अलग हिस्सों में हत्या, लूट और महिलाओं के खिलाफ अपराध जैसी घटनाओं को लेकर विपक्ष सरकार से सवाल पूछ सकता है।
ऐसे में सदन में विपक्ष के सवालों का जवाब देने से पहले मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने आला अधिकारियों के साथ बैठक कर राज्य की मौजूदा स्थिति की जानकारी ली है।
मुख्यमंत्री की इस बैठक को शीतकालीन सत्र से पहले कानून व्यवस्था और प्रशासनिक तैयारियों की समीक्षा के तौर पर भी देखा जा रहा है। अब देखना होगा कि सदन के अंदर विपक्ष के सवालों पर सरकार किस तरह अपना पक्ष रखती है और कानून व्यवस्था को लेकर क्या जवाब देती है।

