
जिला पदाधिकारी रवि प्रकाश ने आज रजौली प्रखंड की चितरकोली पंचायत अंतर्गत ग्राम दुधीमाटी का स्थलीय निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने गांव में संचालित विकास योजनाओं एवं आधारभूत सुविधाओं की स्थिति का जायजा लिया तथा मौके पर उपस्थित अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिये।दुधीमाटी में बिरहोर समुदाय के लगभग 40 परिवार निवास करते हैं। बिरहोर पीवीटीजी ( विशेष रूप से असुरक्षित जनजातीय समूह ) के तहत आते हैं । जिलाधिकारी ने ग्रामीणों से सीधे संवाद कर उनकी समस्याएं सुनीं और भरोसा दिलाया कि प्रशासन की प्राथमिकता अंतिम पंक्ति में खड़े व्यक्ति तक योजनाओं का लाभ पहुंचाना है। निरीक्षण के दौरान पेयजल, सोलर प्रकाश व्यवस्था, जलनिकासी एवं अन्य मूलभूत सुविधाओं की समीक्षा की गई तथा संबंधित विभागों को लंबित कार्यों को प्राथमिकता के आधार पर पूर्ण करने का निर्देश दिया गया।
स्वास्थ्य सेवाओं की समीक्षा करते हुए जिलाधिकारी ने सभी परिवारों का रक्त जांच कराने, नियमित स्वास्थ्य शिविर आयोजित करने तथा बच्चों, गर्भवती महिलाओं और बुजुर्गों की विशेष स्वास्थ्य जांच सुनिश्चित करने का निर्देश दिया। टीकाकरण एवं आवश्यक चिकित्सा परामर्श की व्यवस्था को और सुदृढ़ करने पर भी विशेष जोर दिया गया।शिक्षा के क्षेत्र में विद्यालय तक आवागमन को सुगम बनाने की दिशा में आवश्यक कार्रवाई करने को कहा गया। साथ ही अभिभावकों से बच्चों की नियमित उपस्थिति सुनिश्चित करने की अपील की गई, ताकि उनकी पढ़ाई निरंतर बनी रहे और शैक्षणिक विकास प्रभावित न हो।आधार पंजीकरण एवं अद्यतन की स्थिति की भी समीक्षा की गई। लंबित मामलों के निष्पादन हेतु विशेष शिविर आयोजित करने का निर्देश दिया गया, ताकि पात्र परिवारों को सरकारी योजनाओं का लाभ प्राप्त करने में किसी प्रकार की कठिनाई न हो।

