
मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ईद के मौके पर फुलवारी शरीफ स्थित प्रसिद्ध खानकाह मुजीबिया पहुंचे, जहां उन्होंने सज्जादा नशीं हजरत मौलाना सैयद शाह आयतुल्लाह कादरी से मुलाकात कर ईद की मुबारकबाद दी.मुख्यमंत्री के खानकाह पहुंचने पर खानकाह मुजीबिया के प्रबंधक मौलाना मिन्हाजुद्दीन कादरी मुजीबी ने टोपी और गमछा देकर उनका गर्मजोशी से स्वागत किया. इसके बाद मुख्यमंत्री नीतीश कुमार सज्जादा नशीं हजरत मौलाना सैयद शाह आयतुल्लाह कादरी के हुजरे में पहुंचे और उनसे मुलाकात की.इस दौरान ईद के पाक मौके पर राज्य में अमन-चैन, खुशहाली और तरक्की के लिए दुआ की दरख्वास्त की गई.

