
रांची के धुर्वा थाना क्षेत्र से लापता हुए 5 वर्षीय अंश और 4 वर्षीय उसकी बहन अंशिका को पुलिस ने सकुशल बरामद कर लिया है. दोनों मासूम बच्चों को रामगढ़ जिले के चितरपुर से सुरक्षित निकाला गया है. पुलिस बच्चों को लेकर रांची लौट रही है.दोनों बच्चों की सुरक्षित बरामदगी के बाद परिवार और पूरे राज्य ने राहत की सांस ली है.डीजीपी ने कहा कि रांची टीम को बहुत बहुत बधाई देना चाहता हूं.एडीजी मनोज कौशिक और रांची ssp सिटी sp और ग्रामीण sp की परिश्रम का यह फल है.दोनों बच्चे 2 जनवरी की दोपहर से लापता थे. मामला सामने आते ही पुलिस प्रशासन हरकत में आया. बच्चों की तलाश के लिए रांची पुलिस ने विशेष जांच टीम (SIT) का गठन किया था.
इसके बाद राज्यभर में व्यापक स्तर पर जांच अभियान चलाया गया.बच्चों की सकुशल बरामदगी के बाद मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने रांची पुलिस और झारखंड पुलिस की खुलकर प्रशंसा की है. मुख्यमंत्री ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर पोस्ट कर कहा कि अपहरणकर्ताओं के चंगुल से दो मासूम जिंदगियों का आजाद होना बेहद सुकून देने वाला है. उन्होंने लिखा कि व्यक्तिगत रूप से उनके लिए पिछले कुछ दिन काफी परेशान करने वाले रहे.हेमंत सोरेन ने कहा कि शुरुआत में जांच को लेकर सफलता नहीं मिल रही थी, लेकिन जिस तरह दूसरे राज्यों में हुई इसी तरह की घटनाओं से तार जोड़कर रांची पुलिस अपराधियों तक पहुंची और बच्चों को मुक्त कराया, वह काबिल-ए-तारीफ है.

