
भागलपुर : शिवनारायणपुर ओपी के ज्योतिपुर गांव में कानून को ठेंगा दिखाते हुए एक नाबालिग लड़की की शादी कराने का मामला सामने आया है. जहाँ अपनी प्रेमिका से मिलने पहुंचे प्रेमी को ग्रामीणों ने पकड़ लिया और रातों-रात पास के ही एक शिव मंदिर में दोनों का विवाह भी करा दिया. इस पूरी घटना के दौरान स्थानीय पुलिस को इसकी भनक तक नहीं लगी. 19 वर्षीय प्रेमी राजीव कुमार और 17 वर्षीय नाबालिग के बीच पिछले पांच महीने से प्रेम प्रसंग चल रहा था. दोनों का घर महज आधा किलोमीटर की दूरी पर स्थित है जिससे वे एक-दूसरे को पहले से जानते थे.किशोरी अक्सर शिव मंदिर में होने वाली ‘शिव चर्चा’ में शामिल होने के बहाने घर से निकलती थी जहाँ उसकी मुलाकात प्रेमी राजीव से होती थी.बीती रात भी किशोरी अपनी मां से शिव चर्चा में जाने की बात कहकर घर से निकली थी.
उसने फोन कर राजीव को भी मंदिर परिसर में बुला लिया. जहाँ दोनों बातचीत कर ही रहे थे कि ग्रामीणों की नजर उन पर पड़ गई. इसके बाद ग्रामीणों ने दोनों को रंगे हाथों पकड़ लिया और मंदिर के ही एक कमरे में बंद कर दियाऔर देखते ही देखते वहां भारी भीड़ जमा हो गई,घटना की सूचना मिलने पर लड़के के परिजनों को भी मौके पर बुलाया गया. शुरुआत में लड़के वाले शादी के लिए बिल्कुल तैयार नहीं थे और उन्होंने इनकार कर दिया. लेकिन सामाजिक दबाव और भीड़ के आगे लड़के के परिजनों को झुकना पड़ा और वे शादी के लिए राजी हो गए.रजामंदी मिलते ही उसी रात मंदिर में हिंदू रीति-रिवाज के साथ दोनों की शादी करा दी गई जिसका वीडियो तेजी से सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है .

