
जेडीयू एमएलसी नीरज कुमार ने पार्टी के सुशासन दिवस कार्यक्रम और निशांत कुमार की भूमिका को लेकर बड़ा बयान दिया है। उन्होंने आरजेडी पर निशाना साधते हुए कहा कि रोहिणी आचार्य, तेजस्वी यादव और तेज प्रताप यादव के बीच जो राजनीतिक स्थिति है, उसका असर जेडीयू में तलाशने की कोशिश नहीं करनी चाहिए। उन्होंने तंज कसते हुए कहा कि मातम का बैंड वहीं बज सकता है, जहां मातम मनाया जा रहा हो, जबकि जेडीयू में खुशी का माहौल है।
नीरज कुमार ने कहा कि 24 नवंबर को पार्टी की ओर से शानदार कार्यक्रम आयोजित किया गया और दीपोत्सव भी मनाया गया। उन्होंने कहा कि निशांत कुमार पार्टी के सम्मानित नेता हैं और उन्हें पार्टी की बागडोर सौंप दी गई है। निशांत कुमार ही पार्टी का भविष्य हैं। उन्होंने कहा कि नीतीश कुमार पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष हैं और उनकी सहमति एवं जानकारी में सभी कार्यक्रम तय होते हैं।
वहीं, जेडीयू और एनडीए की ताकत दिखाने के सवाल पर नीरज कुमार ने कहा कि 24 नवंबर 2005 को नीतीश कुमार ने सुशासन की जो शुरुआत की थी, उसी को अब पार्टी ने अपने वार्षिक कार्यक्रम में शामिल किया है। हर साल सुशासन दिवस मनाया जाएगा। उन्होंने कहा कि बीजेपी और एनडीए के अन्य घटक दल भी अपने-अपने कार्यक्रम आयोजित करते हैं, ऐसे में जेडीयू के कार्यक्रम पर सवाल क्यों उठाए जा रहे हैं?
नीरज कुमार ने संजय झा के बयान और सात निश्चय-3 को लेकर भी अपनी बात रखी। उन्होंने कहा कि बिहार में सरकार सात निश्चय-3 के आधार पर चल रही है। गठबंधन के घटक दल बदल सकते हैं, लेकिन सरकार का कार्यक्रम और विकास की बुनियाद नहीं बदली है। उन्होंने साफ कहा कि यह किसी तरह की धमकी या असहजता नहीं, बल्कि अपने नेता की नीतियों और कार्यक्रमों को सामने रखने की बात है।उन्होंने कानून के राज और सुशासन का जिक्र करते हुए कहा कि बिहार में किसी को आंख दिखाने की हिम्मत नहीं है। साथ ही गठबंधन धर्म का निर्वहन करने की बात भी कही

