
बेगूसराय : बढ़ते अपराध के बीच अपराधी कितने बेखौफ हैं इसका अंदाजा इस बात से लगा सकते हैं कि अपराधी थाना परिसर में थाना अध्यक्ष के कमरे में घुसकर थाना अध्यक्ष की कुर्सी पर बैठकर रील बनाकर वायरल कर रहे हैं.पूरा मामला साहेबपुर कमाल थाना का है जहां एक युवक ने सारी हदों को पार करते हुए थानाध्यक्ष के कार्यालय में घुस गया और उसने कुर्सी पर बैठकर भोजपुरी गाना पर रील वीडियो बनवाया और उसे वायरल कर दिया. हालांकि वीडियो वायरल होते ही देर रात पुलिस एक्शन में आई और आरोपी युवक को गिरफ्तार कर लिया है.
साहेबपुर कमाल थाना क्षेत्र के चौकी गांव निवासी अरविंद कुमार महतो का बेटा अभिषेक बराबर थाना आते रहता है, जिसके कारण 2 दिन पहले भी जब वह थाना आया तो कहीं भी जाने से उसे किसी ने नहीं रोका और उसने थाना के ऑफिस में जाकर मनचाहे तरीके से शॉर्ट वीडियो बनाया. वह बराबर आपत्तिजनक तरीके वीडियो-फोटो शूट करवाते रहता है. कुछ दिन पहले उसने पिस्टल के साथ भी फोटो सोशल मीडिया पर लगाया था. इस संबंध में साहेबपुर कमाल थानाध्यक्ष राजीव रंजन ने बताया कि उक्त युवक अभिषेक कुमार को उसके गांव चौकी से एक हथियार के साथ गिरफ्तार कर लिया गया है. गिरफ्तार युवक से पूछताछ कर एवं आगे की कार्रवाई चल रही है.

