
औरंगाबाद : मदनपुर प्रखंड के बंगरे गांव के निवासी विजय कुमार ने देशभक्ति की अलग मिसाल पेश की है . विजय BSF में जवान हैं और उनकी पोस्टिंग राजस्थान के सतराना बॉर्डर पर है,यह इलाका पाकिस्तान सीमा से सटा हुआ है. विजय 14 अप्रैल को एक महीने की छुट्टी लेकर घर आए थे. 15 मई को उन्हें ड्यूटी पर लौटना था और इस बीच 10 मई को दोपहर को वधु पक्ष के लोग छेका की रस्म के लिए उनके गांव पहुंचे थे की विजय को कंपनी से कॉल आया और उन्हें तुरंत ड्यूटी जॉइन करने का आदेश मिला .जिससे घर में सन्नाटा छा गया. जल्दबाजी में छेका की रस्में अधूरी रह गईं. विजय रस्मों के बीच से ही उठे और वर्दी पहनकर स्टेशन की ओर निकल गए .जिससे पूरे परिवार की आंखें नम हो गई . विजय के चेहरे पर देश सेवा का उत्साह साफ दिख रहा था. वह पिछले साल ही सेना में शामिल हुए थे और अब दुश्मनों से लोहा लेने को तैयार हैं.विजय के घर से निकलते ही पूरा गांव उनके पीछे चल पड़ा.गांव के लोगों ने भावुक होकर उन्हें विदाई दी. विजय ट्रेन पकड़कर ड्यूटी के लिए निकल गए .

