
उदाकिशुनगंज थाना के जमुनिया निवासी 14 वर्षीय देवराज कुमार की सोमवार सुबह दर्दनाक सड़क हादसे में मौत हो गई. मृतक देवराज कुमार, पिता अरविंद यादव, सुबह करीब 8 बजे स्कूल जाने के लिए घर से निकला था. वह पढ़ाई के लिए जा रहा था. पटेल चौक और कॉलेज के बीच टीवीएस शोरूम के आगे एनएच-106 पर उदाकिशुनगंज से मधेपुरा की ओर जा रहे एक ट्रक ने जोरदार टक्कर मार दी. हादसा इतना भीषण था कि देवराज कुमार गंभीर रूप से घायल हो गया और मौके पर ही उसकी मौत हो गई. घटना के बाद पूरे इलाके में अफरा-तफरी मच गई .इकलौते बेटे की मौत से परिजनों में कोहराम मच गया. आक्रोशित परिजनों और स्थानीय ग्रामीणों ने मुआवजे तथा दोषी चालक पर कार्रवाई की मांग को लेकर एनएच-106 को जाम कर दिया.घटना की सूचना मिलते ही उदाकिशुनगंज थाना अध्यक्ष मौके पर पहुंचीं. पुलिस ने परिजनों और ग्रामीणों को काफी समझाने-बुझाने का प्रयास किया। लगभग दो घंटे बाद जाम हटाया गया. इसके बाद पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए मधेपुरा सदर अस्पताल भेज दिया.

