
बिहार के पूर्वी चंपारण ज़िले से ताल्लुक रखने वाले अबिवाकाश अंसारी ने इतिहास रच दिया है। देशभर के हजारों आवेदकों में चयनित होकर, उन्होंने इंडियन स्कूल ऑफ डेवलपमेंट मैनेजमेंट (ISDM), नोएडा में पोस्ट ग्रेजुएट प्रोग्राम इन डेवलपमेंट मैनेजमेंट (PGP-DM) के लिए 100% छात्रवृत्ति हासिल की है। वह बिहार से इस वर्ष के 2025-26 बैच में इकलौते छात्र हैं जिन्हें पूरी छात्रवृत्ति प्राप्त हुई है।
इस वर्ष PGP-DM कार्यक्रम में देश के 20 राज्यों से 104 छात्र चयनित किए गए हैं, और इसका उद्घाटन 25 जुलाई 2025 को ISDM, नोएडा में हुआ। कार्यक्रम की अवधि 11 महीने की है और इसकी कुल फीस ₹7,50,000 है, जो अबिवाकाश को छात्रवृत्ति के तहत पूरी माफ़ की गई है।
अबिवाकाश कहते हैं –”मेरी यह सफलता सिर्फ मेरी नहीं है। यह चंपारण की ऐतिहासिक धरती और पूरे बिहार के युवाओं की आकांक्षाओं का प्रतीक है। मैं इसे बिहार की नई उम्मीदों से जोड़कर देखता हूँ। आज देश के 20 राज्यों के होनहार युवाओं के बीच खड़ा होकर मुझे गर्व है कि मैं एक बिहारी हूँ।”
साधारण परिवार से विशेष पहचान तक-कोविड महामारी के दौरान अपने पिता को खोने वाले अबिवाकाश ने कठिन परिस्थितियों के बावजूद अपने सपनों का पीछा नहीं छोड़ा। सामाजिक कार्यों में गहरी रुचि रखने वाले अबिवाकाश शिक्षा के साथ-साथ समाजसेवा में भी लगातार सक्रिय रहे हैं। ISDM में प्रवेश के साथ उन्हें अपने जुनून को नये स्तर तक ले जाने का एक सुनहरा अवसर प्राप्त हुआ है।
ISDM: देश का एकमात्र संस्थान जो “डेवलपमेंट मैनेजमेंट” सिखाता है
इंडियन स्कूल ऑफ डेवलपमेंट मैनेजमेंट (ISDM) भारत का पहला और एकमात्र संस्थान है जो विकास प्रबंधन पर केंद्रित उच्च शिक्षा प्रदान करता है। यह संस्थान छात्रों को न सिर्फ सामाजिक कार्यों के लिए तैयार करता है, बल्कि उन्हें देश-विदेश की प्रतिष्ठित सामाजिक संस्थाओं में नेतृत्व भूमिकाएं निभाने के लिए सक्षम बनाता है। पिछले 10 वर्षों में ISDM से 450+ छात्र निकल चुके हैं जो कई राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय संगठनों में कार्यरत हैं।
छात्रवृत्ति की विशेषता-गौरतलब है कि PGP-DM कोर्स में केवल 10-15% छात्रों को ही 100% छात्रवृत्ति प्रदान की जाती है। अबिवाकाश अंसारी का चयन न केवल उनकी शैक्षणिक प्रतिभा का प्रमाण है, बल्कि यह उनकी सामाजिक प्रतिबद्धता और नेतृत्व क्षमता की भी पहचान है।

