
विधानसभा भंग करने और कैबिनेट के इस्तीफे के एजेंडे पर मुहर लगने के बाद नीतीश कुमार अपने सहयोगियों के साथ राजभवन पहुंचे. उनके साथ सम्राट चौधरी समेत सभी मंत्री भी मौजूद हैं. नीतीश कुमार ने सरकार और विधानसभा भंग करने की सिफारिश राज्यपाल से की है. विजय कुमार चौधरी ने बताया कि मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के नेतृत्व में हुई मंत्रिपरिषद की बैठक में तीन प्रस्ताव पास हुए हैं. वर्तमान विधानसभा 19 नवंबर के प्रभाव से विघटित करने की अनुशंसा कैबिनेट ने की है. मुख्यमंत्री जी द्वारा महामहिम को यह अनुशंसा सौंप दी गयी है. दूसरा प्रस्ताव पूरे कार्यकाल में बिहार के पदाधिकारियों-कर्मियों ने जो सकारात्मक सहयोग दिया, सरकार की नीतियों को सफलतापूर्वक क्रियान्वयन किया, मुख्य सचिव के साथ तमाम कर्मियों के सेवा की सराहना की गयी.
तीसरा प्रस्ताव, संपन्न चुनाव में एनडीए के नीतीश कुमार के नेतृत्व में जो भारी सफलता, प्रचंड बहुमत मिला, उसके लिए मंत्रिपरिषद ने मुख्यमंत्री को बधाई देते हुए आभार व्यक्त किया गया. 20 नवम्बर को नयी सरकार का गठन होगा. 20 नवंबर को नयी सरकार के गठन के बाद नीतीश कुमार बिहार के 10वीं बार बिहार के सीएम के रूप में शपथ लेने की बात कही जा रही है. गांधी मैदान में नीतीश कैबिनेट के शपथ ग्रहण की तैयारी चल रही है. कड़ी सुरक्षा में पंडाल निर्माण और अन्य कार्य चल रहे हैं. पीएम नरेंद्र मोदी भी समारोह में शामिल होने कि चर्चा जोरो पर है .

