नीतीश सेतु के नामकरण पर NDA ने जताई खुशी

पटना स्थित जेडीयू कार्यालय में आज एनडीए के पांचों घटक दलों के प्रदेश अध्यक्षों की अहम बैठक हुई। बैठक में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के आगामी बिहार दौरे और वैशाली में होने वाले कार्यक्रम की तैयारियों पर चर्चा की गई। वहीं, बिदुपुर पुल का नाम बदलकर नीतीश सेतु किए जाने के फैसले का भी एनडीए नेताओं ने स्वागत किया। इसको लेकर राष्ट्र टीवी के संवाददाता संजय कुमार ने लोक जनशक्ति पार्टी रामविलास के प्रदेश अध्यक्ष सुरेंद्र विवेक से खास बातचीत की। इस दौरान उन्होंने महाराष्ट्र में रेलवे स्टेशनों पर छठ गीत बजाए जाने के विरोध को लेकर भी अपनी प्रतिक्रिया दी और विरोध करने वालों पर जमकर निशाना साधा।

लोक जनशक्ति पार्टी रामविलास के प्रदेश अध्यक्ष सुरेंद्र विवेक ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का बिहार की धरती पर आगमन हो रहा है। उनके कार्यक्रम की तैयारियों को लेकर एनडीए के पांचों घटक दलों के प्रदेश अध्यक्षों की बैठक हुई है। उन्होंने कहा कि बिदुपुर पुल का नाम बदलकर नीतीश सेतु किया जाना बिहार सरकार का ऐतिहासिक फैसला है। मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने बिहार के विकास में आधुनिक बिहार के निर्माता नीतीश कुमार के योगदान को सम्मान देने का काम किया है। यह बिहार के लिए एक ऐतिहासिक पल और सराहनीय कदम है।

वहीं, महाराष्ट्र के रेलवे स्टेशन पर छठ गीत बजाए जाने को लेकर उद्धव ठाकरे गुट की नगरसेविका माधुरी मजरेकर की ओर से स्टेशन मास्टर को लिखित शिकायत दिए जाने पर भी सुरेंद्र विवेक ने कड़ी प्रतिक्रिया दी। उन्होंने कहा कि छठ महापर्व हमारी आस्था और संस्कृति का प्रतीक है। इस देश में हर व्यक्ति को अपना पर्व मनाने और अपनी संस्कृति का सम्मान करने का अधिकार है। देश संविधान से चलता है और यहां हर धर्म और समुदाय के लोगों की भावनाओं का सम्मान किया जाता है। छठ गीतों का विरोध करने वाले लोगों की मानसिकता छोटी है। उन्होंने कहा कि देश में सभी धर्मों और पर्वों का सम्मान होना चाहिए।एक तरफ प्रधानमंत्री के बिहार दौरे को लेकर एनडीए अपनी तैयारियों में जुटा है, तो दूसरी तरफ छठ गीतों के विरोध को लेकर सियासी बयानबाजी तेज हो गई है। सुरेंद्र विवेक ने दोनों ही मुद्दों पर अपनी पार्टी और एनडीए का पक्ष मजबूती से रखा।

Next Post

मंत्री संजय सिंह ने महुआ में विभिन्न छठ घाटों का किया निरीक्षण

Sat Nov 14 , 2026
Share on Facebook Tweet it Email बिहार सरकार के लोक स्वास्थ्य अभियंत्रण विभाग के माननीय मंत्री श्री संजय सिंह जी ने महुआ क्षेत्र के दौरे के क्रम में विभिन्न छठ घाटों का निरीक्षण कर छठ महापर्व की तैयारियों का जायजा लिया। इस दौरान उन्होंने महुआ काली घाट पहुंचकर जिले के […]

आपकी पसंदीदा ख़बरें