
बेल्ट्रॉन DEO इंग्लिश टाइपिंग क्वालीफाई अभ्यर्थियों का सब्र अब जवाब देने लगा है। फाइनल पैनल में शामिल करने और न्याय की मांग को लेकर पिछले 37 दिनों से गर्दनीबाग धरना स्थल पर आंदोलन कर रहे अभ्यर्थियों का गुस्सा आज फूट पड़ा। बड़ी संख्या में अभ्यर्थी धरना स्थल से बाहर निकलकर मुख्यमंत्री आवास का घेराव करने के लिए सड़क पर उतर गए। हालांकि, पुलिस ने उन्हें बीच रास्ते में ही रोक दिया। इस दौरान पुलिस और अभ्यर्थियों के बीच धक्का-मुक्की भी हुई और अभ्यर्थियों ने जमकर नारेबाजी की।
दरअसल, बेल्ट्रॉन DEO इंग्लिश टाइपिंग क्वालीफाई अभ्यर्थी लगातार अपनी मांगों को लेकर आंदोलन कर रहे हैं। पिछले 37 दिनों से गर्दनीबाग धरना स्थल पर बैठे अभ्यर्थियों का कहना है कि उन्हें जल्द से जल्द फाइनल क्वालीफाई पैनल में शामिल किया जाए। लेकिन लगातार मांगों की अनदेखी से नाराज अभ्यर्थियों का सब्र आज टूट गया।धरना स्थल का गेट खुला होने के बाद अभ्यर्थी बाहर निकल आए और मुख्यमंत्री आवास का घेराव करने के लिए आगे बढ़ने लगे। इसी दौरान पुलिस ने उन्हें बीच सड़क पर ही रोक दिया। इसके बाद पुलिस और अभ्यर्थियों के बीच धक्का-मुक्की हुई। अभ्यर्थी सड़क पर ही बैठ गए और सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी करने लगे।
अभ्यर्थियों के हाथों में तिरंगा झंडा था और उनकी जुबान पर एक ही मांग थी—आईटी मंत्री इस्तीफा दो और मुख्यमंत्री न्याय करो। अभ्यर्थी लगातार आईटी मंत्री नीतीश मिश्रा से मुलाकात करने की मांग भी कर रहे हैं।प्रदर्शन में महिलाएं अपने छोटे-छोटे बच्चों को लेकर पहुंची हैं। दूधमुंहे बच्चों को गोद में लेकर महिलाएं भी सड़क पर बैठकर अपने हक की आवाज उठा रही हैं। अभ्यर्थियों का कहना है कि जब तक उन्हें न्याय नहीं मिलेगा और फाइनल पैनल में शामिल नहीं किया जाएगा, उनका आंदोलन जारी रहेगा।प्रदर्शन कर रहे अभ्यर्थियों से बातचीत की और उनकी समस्याओं को जाना।
