
बिहार की राजधानी पटना में अब गंगा नदी के रास्ते सफर करना और भी आसान होने जा रहा है। मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने मंगलवार को दीघा घाट से कैटामरान वेसल यानी वाटर मेट्रो का शुभारंभ किया और हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। इस सुविधा के शुरू होने से पटना में पर्यटन को बढ़ावा मिलेगा, वहीं अशोक राजपथ के ट्रैफिक जाम से भी लोगों को राहत मिलने की उम्मीद है। आधुनिक सुविधाओं से लैस यह वाटर मेट्रो पर्यावरण के अनुकूल होगी और गंगा में जल परिवहन का नया विकल्प उपलब्ध कराएगी।
पटना में गंगा नदी पर जल परिवहन के एक नए अध्याय की शुरुआत हो गई है। मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने दीघा घाट से वाटर मेट्रो सेवा का शुभारंभ किया। 50 यात्रियों की क्षमता वाले इस आधुनिक कैटामरान वेसल में वातानुकूलन, शौचालय, उद्घोषणा प्रणाली और व्हीलचेयर जैसी सुविधाएं उपलब्ध हैं। यह हाइब्रिड इंजन से लैस है और मुख्य रूप से विद्युत ऊर्जा से संचालित होगा। इससे जल, वायु और ध्वनि प्रदूषण को कम करने में मदद मिलेगी।फिलहाल इस जलयान का परिचालन दीघा के मीनार घाट से गांधी घाट तक होगा। भविष्य में इसे कंगन घाट तक विस्तारित करने की योजना है। वाटर मेट्रो में सफर के लिए वयस्कों का किराया 50 रुपये निर्धारित किया गया है। पांच साल से कम उम्र के बच्चों का सफर मुफ्त होगा, जबकि पांच से बारह साल तक के बच्चों को आधा किराया देना होगा। फिलहाल टिकट दीघा घाट के काउंटर से मिलेंगे। जल्द ही ऑनलाइन टिकट की सुविधा भी शुरू की जाएगी।
इस सेवा के संचालन के लिए दीघा और गांधी घाट पर बैटरी चार्जिंग की व्यवस्था भी की गई है। सरकार की इस पहल से गंगा के किनारे पर्यटन को नई पहचान मिलने के साथ ही स्थानीय लोगों को भी आवागमन का एक वैकल्पिक साधन मिलेगा। कार्यक्रम में उपमुख्यमंत्री विजय कुमार चौधरी, स्वास्थ्य मंत्री निशांत कुमार, सहकारिता मंत्री रामकृपाल यादव समेत कई जनप्रतिनिधि और अधिकारी मौजूद रहे।कुल मिलाकर पटना में वाटर मेट्रो की शुरुआत पर्यटन और जल परिवहन के लिहाज से एक महत्वपूर्ण पहल मानी जा रही है। अब देखना होगा कि यह नई सेवा राजधानी के लोगों और पर्यटकों के बीच कितनी लोकप्रिय होती है।
