
नवादा। जिले के गोविंदपुर प्रखंड के थाली थाना क्षेत्र के महेशपुर गांव के समीप अवैध बालू खनन के खिलाफ कार्रवाई करने पहुंची खनन विभाग की टीम पर हमला कर दिया गया। इस घटना में खनन विभाग के कई कर्मी घायल हो गए। घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई।
जानकारी के अनुसार, खनन विभाग की टीम अवैध बालू खनन एवं परिवहन की सूचना पर छापेमारी करने पहुंची थी। इस दौरान टीम ने एक ट्रैक्टर को जब्त किया। जब्त ट्रैक्टर को लेकर टीम वापस लौट रही थी, तभी कुछ ग्रामीणों ने टीम पर हमला कर दिया। अचानक हुए हमले में कई कर्मी जख्मी हो गए।
घटना के बाद सभी घायलों को इलाज के लिए गोविंदपुर प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र (पीएचसी) में भर्ती कराया गया। वहीं, खनन विभाग की टीम ने एक ट्रैक्टर जब्त किया है। खनन पदाधिकारी ने बताया कि अवैध बालू खनन की सूचना पर सुबह टीम छापेमारी के लिए गई थी। ट्रैक्टर जब्त कर लाने के दौरान हमला किया गया। पुलिस मामले की जांच में जुटी है।

