18 सूत्री मांगों को लेकर संयुक्त किसान मोर्चा का लोक भवन मार्च

पटना: राजधानी पटना में आज संयुक्त किसान मोर्चा के बैनर तले किसानों और खेत मजदूरों ने अपनी 18 सूत्री मांगों को लेकर लोक भवन मार्च निकाला। मार्च की शुरुआत जेपी गोलंबर से हुई, जिसमें अखिल भारतीय किसान महासभा, बिहार राज्य किसान सभा और अखिल भारतीय खेत मजदूर किसान सभा समेत विभिन्न किसान संगठनों के नेता और कार्यकर्ता शामिल हुए।

प्रदर्शनकारियों ने असंवैधानिक बताते हुए विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) प्रक्रिया को रद्द करने और मुख्य निर्वाचन आयुक्त ज्ञानेश कुमार को बर्खास्त करने की मांग उठाई। इसके साथ ही भारत-अमेरिका मुक्त व्यापार समझौते (FTA) और किसान विरोधी बताए जा रहे अन्य मुक्त व्यापार समझौतों को रद्द करने की मांग की।

किसान संगठनों ने सभी फसलों पर C2+50 प्रतिशत की दर से कानूनी गारंटी वाला न्यूनतम समर्थन मूल्य (MSP) लागू करने और फसलों की सरकारी खरीद सुनिश्चित करने की मांग की। वहीं, किसान आत्महत्या से प्रभावित परिवारों को 25 लाख रुपये मुआवजा देने, बिजली निजीकरण विधेयक 2025 और बीज विधेयक 2025 को वापस लेने की भी मांग उठाई।

प्रदर्शनकारियों ने जबरन भूमि अधिग्रहण पर रोक लगाने और भूमि अधिग्रहण, पुनर्वास एवं पुनर्स्थापन कानून 2013 को सख्ती से लागू करने की मांग की। बिहार में लैंड पूलिंग नीति के तहत बारा सैटेलाइट टाउनशिप परियोजना के नाम पर चार लाख एकड़ से अधिक उपजाऊ जमीन के कथित जबरन अधिग्रहण का विरोध भी किया गया।

संयुक्त किसान मोर्चा के नेताओं ने कहा कि जब तक उनकी मांगों पर सरकार गंभीरता से विचार नहीं करती, तब तक उनका आंदोलन जारी रहेगा।

Next Post

पप्पू यादव ने बीजेपी पर साधा निशाना

Thu Nov 26 , 2026
Share on Facebook Tweet it Email पूर्णिया सांसद पप्पू यादव आज कांग्रेस के संविधान रक्षा मार्च में शामिल हुए। इस दौरान उन्होंने बीजेपी और केंद्र सरकार पर जमकर निशाना साधा। पप्पू यादव ने चुनाव में एसआईआर के जरिए गड़बड़ी का आरोप लगाते हुए कहा कि जब तक ज्ञानेश कुमार को […]

आपकी पसंदीदा ख़बरें