
बाढ एसटीएफ और बख्तियारपुर पुलिस की संयुक्त कार्रवाई में पुलिस अधीक्षक के सख्त निर्देश पर गठित विशेष पुलिस टीम ने टेका बिगहा टाल क्षेत्र में चल रहे एक बड़े अवैध मिनी गन फैक्ट्री का उद्भेदन किया है। आकाश होटल से करीब 3 किलोमीटर दक्षिण धोवा नदी के किनारे घनी झाड़ियों में की गई इस सघन छापेमारी में पुलिस ने हथियार बनाते हुए चार अभियुक्तों को रंगेहाथ गिरफ्तार किया है। पुलिस ने मौके से तैयार और अर्द्धनिर्मित हथियारों के साथ भारी मात्रा में हथियार बनाने के उपकरण बरामद किए हैं।गिरफ्तार अभियुक्तों से प्रारंभिक पूछताछ में यह अहम खुलासा हुआ है कि इलाके के ही एक स्थानीय व्यक्ति ने इन लोगों को हथियार निर्माण के काम के लिए बाहर से बुलाया था। पुलिस इस अवैध हथियार रैकेट के मुख्य सरगना की पहचान कर उसकी गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी कर रही है। इसके साथ ही पकड़े गए सभी अभियुक्तों का पुराना आपराधिक इतिहास भी खंगाला जा रहा है। घटनास्थल से 2 तैयार देसी कट्टा 8 अर्द्धनिर्मित देशी कट्टा 3 कारतूस के खोखे, 3 बेस मशीन, 1 हैंड ड्रिल मशीन, 1 खंडा (भांथी 20 किलो 2 किलो के लोहे के बटखरे जब्त किए हैं। इसके अलावा हथियार बनाने के काम में आने वाले छोटे-बड़े उपकरण जिनमें 15 रेती, 22 छेनी, 47 हेक्सा ब्लेड, हथौड़ी, पिलास, सरसी, 49 स्प्रिंग सहित कई अन्य सामग्रियां भारी मात्रा में बरामद की गई हैं।

