
वैशाली : हाजीपुर प्रखंड स्थित उत्क्रमित मध्य विद्यालय मुरलिया चक में आपत्तिजनक नृत्य कार्यक्रम आयोजित किया गया. इस घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है, जिससे बिहार के शिक्षा के माहौल पर सवाल उठ रहे हैं. यह कार्यक्रम स्कूल की शिक्षा समिति के अध्यक्ष मलाई सिंह की बेटी की शादी के अवसर पर आयोजित किया गया था. बारातियों के मनोरंजन के लिए स्कूल परिसर को ही रंगमंच बना दिया गया, जहां दर्जनभर नर्तकियों ने अश्लील गानों पर डांस किया.स्कूल के सहायक शिक्षक संजय सिंह ने बताया कि अध्यक्ष मलाई सिंह ने जबरन स्कूल का मुख्य गेट तोड़कर परिसर में स्टेज प्रोग्राम करवाया. इस मामले पर स्कूल के प्रिंसिपल या अन्य शिक्षक कुछ भी कहने को तैयार नहीं हैं.सदर थाना अध्यक्ष मुकेश कुमार ने बताया कि इस संबंध में स्कूल पक्ष की ओर से अभी तक कोई लिखित आवेदन प्राप्त नहीं हुआ है. पुलिस आवेदन का इंतजार कर रही है और आवेदन मिलते ही इस पर करवाई की जाएगी .

