
छपरा जंक्शन रेलवे स्टेशन पर सोशल मीडिया के लिए स्टंट और अमर्यादित रील बनाना कुछ युवकों को भारी पड़ गया।आरपीएफ ने बड़ी कार्रवाई करते हुए ऐसे छह युवकों को गिरफ्तार किया है, जो स्टेशन के सर्कुलेटिंग एरिया और प्लेटफॉर्म पर मोटरसाइकिल से खतरनाक स्टंट कर रहे थे और तेज व आपत्तिजनक गानों पर रील बना रहे थे. कार्रवाई के दौरान तीन मोटरसाइकिल और सात मोबाइल फोन भी जब्त किए गए हैं.कहा जा रहा है कि पिछले कुछ दिनों से छपरा जंक्शन पर रील बनाने वाले युवकों की गतिविधियां बढ़ गई थीं.कुछ दिन पहले एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुआ था, जिसमें एक युवक बुलेट मोटरसाइकिल लेकर रलवे प्लेटफॉर्म पर चलता नजर आ रहा था. इस वीडियो के सामने आने के बाद आरपीएफ ने ऐसे लोगों को चिन्हित कर सख्त कार्रवाई करने का निर्णय लिया.
इंस्पेक्टर संजय कुमार ने कहा कि 14 जनवरी को वरिष्ठ मंडल सुरक्षा आयुक्त वाराणसी के आदेश पर सीआईबी छपरा और आरपीएफ पोस्ट छपरा की संयुक्त टीम द्वारा स्टेशन परिसर में निगरानी और गश्त की जा रही थी. इसी दौरान सेकेंड इंट्री गेट और प्लेटफॉर्म नंबर 8 के सामने सर्कुलेटिंग एरिया से चार युवकों को तीन मोटरसाइकिल पर प्रतिबंधित क्षेत्र में स्टंट करते और वीडियो बनाते हुए पकड़ा गया. वहीं, दो अन्य युवक प्लेटफॉर्म नंबर 8 पर बिना किसी अधिकार पत्र के अमर्यादित गानों पर रील बनाकर शोर-शराबा कर रहे थे, जिससे रेल परिचालन और यात्रियों को परेशानी हो रही थी.
पूछताछ में युवकों ने स्वीकार किया कि वे इस तरह के स्टंट और रील के वीडियो बनाकर सोशल मीडिया के विभिन्न प्लेटफॉर्म पर अपलोड करते हैं, ताकि उन्हें ज्यादा व्यूज और लाइक मिल सकें. गिरफ्तार किए गए अभियुक्तों में रतनपुरा, भगवान बाजार, गड़खा और मुफस्सिल थाना के युवक शामिल हैं, जिनकी उम्र 18 से 25 वर्ष के बीच है.आरपीएफ की इस सख्त कार्रवाई से स्टेशन परिसर में इस तरह की हरकत करने वालों में हड़कंप मच गया है.

