
त्योहारों के बाद वापसी करने वाले यात्रियों की संभावित भीड़ को देखते हुए पूर्व मध्य रेलवे की महाप्रबंधक डिंपी गर्ग ने आज पटना जंक्शन का निरीक्षण किया।छठ और दीपावली का त्योहार खत्म होने के बाद अब बिहार से बाहर जाने वाले यात्रियों की संख्या में तेजी आने की उम्मीद है। इसी को लेकर पूर्व मध्य रेलवे अलर्ट मोड में है।इसी कड़ी में जीएम डिंपी गर्ग पटना जंक्शन पहुंचीं और प्लेटफॉर्म, वेटिंग हॉल, फुट ओवर ब्रिज, टिकट काउंटर और यात्री सुविधाओं का जायजा लिया।इस दौरान उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिया कि भीड़ प्रबंधन के लिए अतिरिक्त व्यवस्था की जाए, साफ-सफाई, सुरक्षा और ट्रेनों के समय पर परिचालन को प्राथमिकता दी जाए। यात्रियों को किसी तरह की परेशानी न हो, इसके लिए सभी विभागों को आपसी समन्वय के साथ काम करने को कहा।निरीक्षण के दौरान दानापुर मंडल के डीआरएम सहित अन्य वरीय अधिकारी मौजूद रहे।

