
लोक आस्था के महापर्व छठ को लेकर पटना के गंगा घाटों पर तैयारियां अंतिम चरण में हैं। छठ व्रतियों और श्रद्धालुओं की सुविधा एवं सुरक्षा व्यवस्था को लेकर बिहार विधानसभा के अध्यक्ष डॉ. प्रेम कुमार ने पटना के विभिन्न छठ घाटों का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने घाटों पर साफ-सफाई, रोशनी, सुरक्षा, मेडिकल सुविधा और अन्य व्यवस्थाओं का जायजा लिया। विधानसभा अध्यक्ष ने जिला प्रशासन और नगर निगम की तैयारियों की सराहना करते हुए कहा कि छठ व्रतियों की सुविधा के लिए सभी जरूरी इंतजाम किए गए हैं।
बिहार विधानसभा के अध्यक्ष डॉ. प्रेम कुमार छठ महापर्व की तैयारियों का जायजा लेने पटना के अलग-अलग गंगा घाटों पर पहुंचे। उन्होंने मीनार घाट, जेपी सेतु घाट, बिंदटोली घाट, दीघा घाट और 93 गेट संजय सिंह घाट का निरीक्षण किया। इस दौरान उनके साथ प्रशासनिक अधिकारी भी मौजूद रहे.निरीक्षण के दौरान डॉ. प्रेम कुमार ने घाटों पर की गई व्यवस्थाओं पर संतोष जताया। उन्होंने कहा कि बिहार सरकार, जिला प्रशासन और नगर निगम की ओर से छठ व्रतियों की सुविधा के लिए बेहतर इंतजाम किए गए हैं। घाटों पर साफ-सफाई, रोशनी, सुरक्षा, पहुंच पथ, चेंजिंग रूम, कंट्रोल रूम और मेडिकल कैंप की व्यवस्था की गई है। वहीं, किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए एनडीआरएफ की टीम और प्रशिक्षित गोताखोरों की भी तैनाती की गई है।
विधानसभा अध्यक्ष ने कहा कि छठ महापर्व बिहार की सांस्कृतिक पहचान और लोक आस्था का सबसे बड़ा प्रतीक है। इस पर्व में शामिल होने के लिए देश के अलग-अलग हिस्सों के साथ विदेशों से भी श्रद्धालु बिहार पहुंच रहे हैं। उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में छठ महापर्व को वैश्विक पहचान दिलाने और यूनेस्को की सांस्कृतिक विरासत सूची में शामिल कराने की पहल का भी जिक्र किया।

