
भोजपुर जिले में छह दिन से लापता एक विवाहित का शव बरामद हुआ है। उसका शव शाहपुर थाना क्षेत्र के बरीसवन गांव के पीपरा घाट स्थित भागड़ नदी के किनारे पीपरा शिवालय मंदिर के सामने से मंगलवार की शाम बरामद हुआ है। शव मिलने से गांव एवं आसपास के इलाके में सनसनी सी मच गई है। वही मृतका के मायके वालों द्वारा बाइक व फ्रिज की मांग को लेकर ससुराल वालों पर हत्या कर उसकी शव को फेक जाने का आरोप लगाया जा रहा है। मृतका शाहपुर थाना क्षेत्र के बरीसवन गांव निवासी अखिलेश तिवारी की 25 वर्षीया पत्नी सबिता देवी है।
इधर रोहतास जिला के संजौली थाना क्षेत्र के जिगनी गांव निवासी मृतका के भाई राम कुमार पांडेय ने बताया कि उसके पिता स्व भरतमुनी पांडेय ने उसकी बहन सबिता देवी की शादी शाहपुर थाना क्षेत्र के बरीसवन गांव निवासी स्व.भोला तिवारी के पुत्र अखिलेश तिवारी से पूरे हिंदू-रीति रिवाज के साथ की थी। शादी के आठ महीना के बाद से ही उसके पति बाद ससुराल वालों द्वारा उसे बराबर प्रताड़ित किया जाने लगा और उन लोगों से बाइक व फ्रिज की मांग की जाने लगी।
लेकिन वे लोग नहीं दे पाए इसके बाद उसके ससुराल वालों द्वारा उसकी बहन से नही मिला दिया जा रहा था और ना ही बात करने दिया जा रहा था। इसके बाद उन लोगों ने उसकी बहन को उसके मायके नहीं जाने दिया। जब उन लोगों द्वारा अपनी बहन को एक मोबाइल फोन बात करने के लिए दिया गया तो वह भी ससुराल वालों द्वारा छीन लिया गया और बातचीत करने एवं मिलने जुलने से शख्सत मना कर दिया गया। इसी बीच रविवार को उनकी बहन के ससुराल गांव के कुछ व्यक्ति द्वारा फोन कर सूचना दी गई की तीन-चार दिनों से आपकी बहन नहीं दिख रही है। उसके ससुराल वालों द्वारा उसे मारकर कहीं छुपा दिया गया है।
सूचना पाकर वह अपने परिजन के साथ जब उसके ससुराल पहुंचा तो उसने देखा कि उसके ससुराल में बाहर से ताला बंद है और सभी लोग फरार हैं। जिसके बाद वह स्थानीय थाना में गया और इस घटना की जानकारी पुलिस को दी। जिसके बाद स्थानीय थाना ने उसकी खोजबीन शुरू की। खोजबीन के दौरान गांव के ही पिपरा घाट स्थित भागड़ नदी के किनारे पीपरा शिवालय मंदिर के सामने से उसका शव बरामद किया गया।
वहीं दूसरी ओर मृतका के भाई राम कुमार पांडेय ने बाइक एवं फ्रिज की मांग को लेकर उसके पति अखिलेश तिवारी,सास,जेठ एवं जेठानी पर उसकी हत्या कर उसके शव को फेंकने का आरोप लगाया है। बहरहाल पुलिस अपने स्तर से मामले की छानबीन कर रही है। बताया जाता है की मृतका अपने तीन बहन व तीन भाई में स्थान पर थी। उसके परिवार में मां गुलाबो देवी एवं एक दस माह का पुत्र है। घटना के बाद मृतका के घर में हाहाकार मच गया है।